अफीम के साथ युवक धराया तो डोडा-पोस्त तस्करी में पति-पत्नी

- होली पर बढ़ रही मादक पदार्थों की तस्करी, हाथ लगे दो मामले
- कार्रवाई में लक्की साबित हो रही कालन्द्री थाना पुलिस
सिरोही. होली के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस भी सख्ती से कार्रवाई में जुटी हुई है। कालन्द्री थाना पुलिस इस मामले में लक्की साबित हो रही है। लगातार दो दिनों में दो बड़े मामले पुलिस के हाथ लगे हैं। थानाधिकारी गंगाप्रसाद के नेतृत्व में टीम ने एक मामले में डोडा-पोस्त की तस्करी कर रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है तो दूसरे मामले में अफीम की खेप पकड़ी है। साथ ही एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पीछा कर कार को पकड़ा
पुलिस के अनुसार वलदरा तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक कार जीजे 34 बी 6960 को रूकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन समेत भाग गया। पीछा करने पर आगे कार झाडिय़ों में फंसी मिली। कार की डिक्की से पुलिस ने 42 किलो 170 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया। कार चालक भोपतपुरा (रिंगस-सीकर) निवासी नरेन्द्रकुमार पुत्र हरिसिंह जाट व उसकी पत्नी प्रियंका योगी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बाइक पर ले जा रहा था अफीम
उधर, अन्य एक मामले में पुलिस ने एक बाइक आरजे-22 एमएस 1502 को रूकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बाइक को मोड़ा एवं वापस भगा ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस टीम ने घेरा डालकर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पॉलिथीन के पाउच सहित 14.100 ग्राम अफीम बरामद किया गया। पुलिस ने सामली सेरी (सदर बाजार-सिरोही) निवासी कल्पेश पुत्र बाबूलाल जैन को गिरफ्तार कर लिया।



