- खुशामद करते आयोजकों ने होलसेल में पहनाए साफा-शॉल
- तमाम तामझाम के बावजूद प्रचार न पा सकी प्रदर्शनी
सिरोही. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रदर्शनी सोमवार से शुरू की गई। शहर के नेहरू पैवेलियन में स्टॉल्स लगाकर विभिन्न योजनाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन तमाम तामझाम के बावजूद प्रदर्शनी प्रचार नहीं पा सकी। संभवतया यही कारण रहा कि भीड़ के नाम पर स्कूली बच्चों को लाया गया, लेकिन कुर्सियों का टोटा रहने से उनके लिए भी समुचित बैठक व्यवस्था नहीं हो पाई। ऐसे में कई बच्चों को नीचे बैठाया गया। वहीं, शुभारंभ समारोह भी अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा रहा। मंच पर अतिथियों की भरमार रही। कुछ तो एक-दूसरे में सटकर और परस्पर फंसे हुए से बैठे दिखे। हां, आयोजन समिति ने खुशामद करने में कोई कमी नहीं रखी। फिर चाहे मंच पर अतिथि सम्मान की बात हो या साफा पहनाने व शॉल ओढ़ाने की रस्म। आयोजन समिति की ओर से साफा-शॉल शायद होलसेल में लाए गए थे।
नाम पुकारा पर वे ऊपर नहीं चढ़े
कार्यक्रम के दौरान अतिथि सम्मान की होलसेल स्थिति को भांपकर मंच से नीचे बैठे कुछ पदाधिकारी नाराज से दिखे। आयोजकों की ओर से साफा पहनने के लिए उनके नाम भी पुकारे गए, लेकिन वे लोग मंच पर नहीं चढ़े एवं हाथ जोडक़र मना कर दिया। उनका कहना रहा कि इस तरह की खुशामदगी वे पसंद नहीं करते।
अव्यवस्था की भेंट चढ़ा सांसद का वक्तव्य
जिन सांसद की बदौलत यह प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है उनका वक्तव्य ही अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा रहा। जी हां, मुख्य अतिथि सांसद लुम्बाराम चौधरी के वक्तव्य के दौरान ही माइक बंद हो गया। ऐसे में अपने वक्तव्य का आधा हिस्सा वे बगैर माइक ही बोलते नजर आए। नीचे बैठे कुछ लोगों ने कहा भी कि आपकी आवाज वैसे ही बुलंद है ऐसे ही चलने दीजिए।
अलग-अलग दर्शाया प्रदर्शनी का समय
केंद्र व राज्य की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रचार करने के लिहाज से आयोजित इस प्रदर्शनी तक लोग आखिर क्यों पहुंच नहीं पाए यह सोचने वाली बात है। वैसे प्रदर्शनी के प्रचार को लेकर लगाए गए बैनर व होर्डिंग भी अलग-अलग तरह की जानकारी साझा कर रहे हैं। प्रदर्शनी शुरू होने के समय में आधा घंटे का अंतराल दर्शाया गया है, जो लोगों में भ्रम पैदा कर रहा है।

नवाचार का अवलोकन कर लाभ उठाएं
उधर, विजन राजस्थान-2026 के तहत आयोजित प्रदर्शनी के आगाज पर सांसद लुम्बाराम चौधरी ने योजनाओं एवं नवाचार से लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में कई तरह के नवाचार एवं विकास कार्यों के स्टॉल लगाए गए हैं। तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान जिला प्रमुख अर्जुनराम, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, पूर्व उप मंत्री भूपेंद्र देवासी समेत कई लाग मौजूद रहे।



