आरोपियों को बचाने के लिए दबाव में काम कर रही पुलिस

- हत्याकांड मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग
- गणपतसिंह मांडोली हत्या मामले में सर्व समाज का प्रदर्शन
जालोर. गणपतसिंह मांडोली हत्याकांड मामले में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर सर्व समाज की ओर से प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने रास्ता जाम किया तथा नारेबाजी करते हुए धरना दिया। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन और उग्र किए जाने की चेतावनी दी। आरोप है कि पुलिस किसी दबाव में काम कर रही है तथा आरोपियों को बचाया जा रहा है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग रखी। इसमें रामसीन थाने से एक एएसआई को हटवाने एवं सीबीआई को फाइल सौंपे जाने तक मामले की जांच जालोर में रहे पूर्व के अन्य अधिकारियों से करवाने की मांग भी शामिल है।
हर बार मिल रहे कोरे आश्वासन
ज्ञातव्य है कि इस मामले के राजफाश की मांग करते हुए मृतक का परिवार यहां चौदह दिनों से अनशनरत है। मृतक की अस्सी वर्षीय मां भी लगातार अनशन पर है। करीब डेढ़ वर्ष से पुलिस इस मामले में खाली हाथ ही है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजन लगातार धरना भी दे रहे हैं, लेकिन हर बार कोरे आश्वासन देकर धरना स्थागित कराया जा रहा है।
बेटे के लिए न्याय मांग रही बुजुर्ग मां
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अस्सी वर्षीय मां अपने बेटे के लिए न्याय मांग रही है। यह मां पिछले चौदह दिनों से भूखी बैठी है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। अगर आपसे मामले का खुलासा नहीं हो पाता है तो जांच सीबीआई को सौंपी जाएं। अनशनकारियों ने बताया कि जब तक आरोपी पकड़ नहीं जाते धरना जारी रहेगा। समाज के वरिष्ठ बंधुओं ने धरना स्थल पर क्रमिक अनशन शुरू करने पर भी परिजनों से चर्चा की।
सख्ती से पूछताछ तक नहीं कर रहे
जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में मृतक गणपतसिंह की पत्नी भारतीकंवर ने बताया कि 28 अगस्त 2024 को उनके पति गणपतसिंह पुत्र राणसिंह परमार की हत्या हुई थी। 18 माह बाद भी पुलिस खाली हाथ ही है। 27 फरवरी 2026 से परिवार भूख हड़ताल पर है। इसमें मृतक की पत्नी भारती कंवर, अस्सी वर्षीय मां हवा कंवर व बेटा खुशवंत शामिल है। आरोप है कि पूर्व जांच अधिकारी की ओर से जिन तीन संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की थी, पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ तक नहीं कर रही।



