![E-Mitra centers sirohi atal sewa kendra](https://rajasthandeep.com/wp-content/uploads/2022/04/e-mitra.jpg)
- बगैर रसीद शिकायत भी करे तो कहां कहे
- ई-मित्र की मॉनिटरिंग पर किसी का ध्यान नहीं
सिरोही. कागजी कार्यवाही के लिए आमतौर पर ई-मित्र संचालक के पास जाना होता है, जहां सरकारी दरों पर कार्य किया जाता है। लेकिन, यह केवल कागजी बातें ही है। ई-मित्र संचालक न केवल मनमाने दाम वसूल रहे हैं बल्कि निर्धारित दरों से काफी ज्यादा राशि ली जा रही है। लोगों से वसूले जा रहे शुल्क की कोई रसीद तक नहीं दी जा रही। इससे लोग न तो किसी को शिकायत कर पा रहे हैं और न इस तरह की मनमानी पर रोक लग रही है। उधर, अटल सेवा केंद्र में प्रभारी योगेशकुमार बताते हैं कि निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है। बताया कि विस्तृत जानकारी चाहिए तो कार्यालय आ सकते हैं।
शुल्क के बदले नहीं दी जा रही रसीद
निजी ई-मित्र कियोस्क तो दूर सरकारी दफ्तरों में संचालित ई-मित्र पर भी कमोबेश यही स्थिति है। पंचायत समिति परिसर में अटल सेवा केंद्र में संचालित ई-मित्र पर भी शुल्क लेने की कोई रसीद नहीं दी जा रही। ऐसे में कोई शिकायत भी करना चाहे तो कहां कहे।
बेपरवाही की भेंट चढ़ा अटल सेवा केंद्र
जिला मुख्यालय पर पंचायत समिति परिसर में चल रहा अटल सेवा केंद्र भी बेपरवाही की भेंट चढ़ रहा है। सेवा केंद्र को परिसर में पीछे की ओर संचालित किया जा रहा है। लेकिन, बेपरवाही इतनी कि भवन का नाम तक नजर नहीं आ रहा। नाम पेड़ों के बीच ढंका हुआ है। इसे ठीक कराने तक की किसी को फुर्सत नहीं है।
लोगों से इस तरह वसूले जा रहे चार्ज
एक उपभोक्ता ने बताया कि उसे अपने पुत्र का नाम राशन कार्ड में दर्ज करवाना था। इसके लिए वह अटल सेवा केंद्र गया, जहां नाम जुड़वाने के डेढ़ सौ रुपए लिए गए। रसीद नहीं मिली। एक दस्तावेज की प्रिंट निकलवानी थी, जिसके लिए सौ रुपए चुकाने पड़े।
https://rajasthandeep.com/?p=3183 … समय पर नहीं मिला आवास, पूरी राशि वापस देने के आदेश- आवास का कब्जा सुपुर्द नहीं करने को माना सेवा में त्रुटि, बालाजी बिल्ड स्काई व नगर पालिका पर लगा हर्जाना… जानिए विस्तृत समाचार…
आधार अपडेट में डेढ़ सौ की वसूली
भीनमाल. कस्बे में ई-मित्र संचालक आधार कार्ड में अपडेट करने के नाम पर 50 के बदले 150 रुपए की वसूली कर रहा है। जानकारी के अनुसार भीनमाल में करड़ा चार रास्ता स्थित ई मित्र आधार सेंटर पर इस तरह की खुली लूट मची हुई है। शहर में एक ही आधार सेंटर होने से यहां भीड़ रहती है। संचालक इसी का फायदा उठा रहे हैं। शिकायत के बावजूद उपखंड प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।