- वनकर्मियों ने झाडिय़ों में छिपे पैंथर को किसी तरह जंगल में खदेड़ा
सिरोही. रेवदर के समीप रोहुआ-मानपुर में पैंथर के हमले में चार जने घायल होने के समाचार है। पैंथर रास्ता भटकने से खेतों तक पहुंचा गया तथा तारबंदी में फंसने से घबराए पैंथर ने भागने के चक्कर में वहां खड़े लोगों पर हमला कर दिया। बाद में वनकर्मियों ने झाडिय़ों में छिपे पैंथर को किसी तरह जंगल में खदेड़ा।
भागने के चक्कर में हमला कर दिया
जानकारी के अनुसार रोहुआ के समीप मानपुर में कृषि कुएं पर पैंथर का मूवमेंट दिखा। भागने के प्रयास में पैंथर तारबंदी में फंस गया। इससे ग्रामीण भी एकत्र हो गए, लेकिन पैंथर किसी तरह तारबंदी से छूट गया एवं भागने के चक्कर में नजदीक आए लोगों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में भैराराम, असमाल, बिजाराम व कालाराम घायल हुए है। उधर, सूचना मिलते ही रेंजर ललितसिंह समेत वनकर्मी मौके पर पहुंचे तथा पैंथर को रेस्क्यू किया। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगली जानवर दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
मूवमेंट पर नजर रखे हुए हैं वनकर्मी
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों पर हमले के बाद एहतियातन मुख्य मार्ग पर आवागमन भी कुछ घंटों के लिए रूकवाया गया। इसके बाद ड्रोन से पैंथर की लोकेशन जांची गई। वह खेत में छिपा बैठा दिखा। करीब सात घंटे की मेहनत के बाद पैंथर को किसी तरह जंगल की ओर से खदेड़ा गया। वनकर्मी उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि ग्रामीणों पर हमले जैसी कोई स्थिति वापस सामने न आ सके।



