- नगर परिषद की बेपरवाही से जनता की जान जोखिम में
- गड्ढों में गुम हो रहे शहर के कई मुख्य रास्ते
सिरोही. शहर की कई सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों को मानों कोई परवाह नहीं है। यहां तक कि गड्ढों को पाटे जाने में भी कोई दिलचस्पी नहीं ली जा रही। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के बीच गण जहां गड्ढों में ठोकरें खाने को विवश है, वहीं तंत्र इन समस्याओं से बेफिक्र नजर आ रहा है।
सिरोही में जिला कारागार के सामने बनी सडक़ अर्से पहले एक ही लेन में बनी हुई है। दूसरी लेन पर लेयर नहीं चढऩे से नीचे ही है। ऐसे में वाहनों को साइड लेने में मुश्किल हो रही है। बस स्टैंड रोड, झूपाघाट रोड, पैलेस रोड, कृष्णापुरी समेत कई जगहों पर मुख्य रास्ते गड्ढों में गुम हो रहे हैं।
मिट्टी से मरम्मत की कवायद
कमोबेश यही स्थिति पुराना सिनेमा हॉल रोड का है। यह मार्ग अर्से से बदहाल है। गड्ढे ठीक करने के लिए नगर परिषद ने कुछ जगह मिट्टी डाली है, जो मुसीबत बन रही है। वाहन चलने से आसपास के दुकानदार परेशान हो रहे हैं सो अलग। वैसे महज कुछ फीट के इस मार्ग के आधे हिस्से को मिट्टी भी नसीब नहीं हुई।
अधिकतर समय में आबू में गुजार रहे
उधर, नगर परिषद में कार्यरत को माउंट आबू का भी अतिरिक्त कार्यभार दे रखा है। ऐसे में वे अधिकतर समय आबू में ही गुजार रहे हैं। जिला मुख्यालय की नगर परिषद होने को बावजूद वे गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर यहां नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सडक़ जल्द ही रिपेयर हो जाएगी। आज वे बाहर है।
जल्द निर्माण करवाएंगे…
गड्ढों में मिट्टी डलवाई है, कुछ गड्ढे रह होंगे तो पता करवाना पड़ेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इसका टेंडर किया है। जल्द ही इस सडक़ का निर्माण करवाया जाएगा।
- आशुतोष व्यास, नगर परिषद आयुक्त, सिरोही



