गुजरात में राजस्थानी शराब तस्करी का मुख्य किंगपीन गिरफ्तार
- आठ हजार का इनामी तीन वर्षों से पुलिस को छका रहा था
सिरोही. राजस्थान में बिकने के लिए निर्मित शराब को गुजरात में तस्करी कर रहे आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। करीब तीन वर्षों से पुलिस को छका रहे इस बदमाश पर आठ हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। गुजरात में शराब तस्करी का मुख्य किंगपीन होने से पुलिस इसी सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन यह हर बार ठिकाना बदल कर पुलिस को छकाता रहा। सरूपगंज थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि आठ हजार के इनामी तस्कर आकराभट्टा-आबूरोड हाल महादेव रेजिडेंसी आबूरोड निवासी आशीष उर्फ आसु अग्रवाल पुत्र रमेशचन्द्र अग्रवाल की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। इत्तला मिलने पर पुलिस उसे अहमदाबाद से दस्तियाब कर ले आई। यहां लाकर गिरफ्तार कर लिया।
एक ही दिन दो मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर, 2023 को सरूपगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के दो मामले पकड़े थे। सरगामाता मंदिर के सामने कार नंबर जीजे-02-सीएल-5598 से 43 कर्टन अंग्रेज़ी शराब बरामद कर मूलाराम को गिरफ्तार किया था। वहीं, काछोली बोर्ड पर कार्रवाई के दौरान चालक ने फरार होने का प्रयास किया, जिसे पीछा कर वीर बावजी मंदिर के सामने से पकड़ लिया गया। कार नंबर जीजे-18-बीके-6836 से भी 43 कर्टन राजस्थान निर्मित शराब बरामद कर जितेंद्रसिंह को गिरफ्तार किया। इन दोनों ही मामलों में मुख्य सप्लायर आशीष उर्फ आसु अग्रवाल का नाम सामने आया।
गुजरात में खपा रहा था अवैध शराब
बताया जा रहा है कि आशीष उर्फ आसु गुजरात में शराब तस्करी का यह मुख्य आरोपी था। राजस्थान में बिकने के लिए निर्मित शराब को गुजरात में खपाने का काम कर रहा था। यहां से कुरीयर के जरिए माल मंगवा रहा था। गुजरात में विभिन्न जगह खपाने के लिए भी इसने पूरा जाल बिछा रखा था। राजस्थान से जाने वाला माल गुजरात में अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करने का कारोबार चलाया जा रहा था।
गांवों के ठेकों से तस्कर उठा लेते हैं शराब
सूत्र बताते हैं कि शराब के ठेकों पर बचा रहने वाला माल तस्करी के जरिए गुजरात जाता है। ठेकेदारों को टारगेट के अनुरूप अपना माल खरीदना ही होता है। इस माल को ये बड़े तस्करों के जरिए बेच देते हैं। कई ऐसे गांव, जहां गिनती के घर हैं, लेकिन करोड़ों की शराब बिक रही है। यह भी इसी तरह का खेल है। गुजरात से सटे मंडार, मैथीपुरा, जाम्बूड़ी जैसे गांवों के ठेकों से इसी तरह से शराब पार हो रही है। यह सारा माल आशीष उर्फ आसु जैसे मुख्य किंगपीन के जरिए गुजरात में खपाया जा रहा है।



