
- साबरमती-हरिद्वार-साबरमती साप्ताहिक का संचालन शुरू
- गुजरात व राजस्थान के यात्रियों को मिल सकेगी सुविधा
सिरोही. होली त्योहार में यात्रियों को सुविधा देने के लिए समर स्पेशल रेल सेवा शुरू की गई है। रेलवे की ओर से अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत गुजरात से हरिद्वार तक स्पेशल रेल सेवा का संचालन रहेगा। रेलवे ने साबरमती-हरिद्वार-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा शुरू की है। स्पेशल सेवा के तहत आवक-जावक में पांच-पांच ट्रिप रहेंगे। स्पेशल रेल सेवा से गुजरात व राजस्थान के यात्रियों को तो सुविधा मिलेगी ही, दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश के विभिन्न शहरों से जुड़े लोग भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस रेल सेवा में दो सैकण्ड एसी, चार थर्ड एसी, 12 द्वितीय शयनयान, दो साधारण श्रेणी व दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
इस तरह रहेगा टाइम टेबल
रेलवे जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि गाडी संख्या 09425 साबरमती-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल रेल सेवा 23 फरवरी से 23 मार्च तक कुल पांच ट्रिप का संचालन किया जाएगा। साबरमती से रेल प्रत्येक सोमवार 18.45 बजे रवाना होकर मंगलवार को 20.30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं, गाडी संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 24 फरवरी से 24 मार्च तक कुल पांच ट्रिप हरिद्वार से संचालन किया जाएगा। प्रत्येक मंगलवार को 21.45 बजे रवाना होकर बुधवार को 22.30 बजे साबरमती पहुंचेगी।
इन शहरों को मिलेगी सुविधा
अधिकारी बताते हैं कि यह रेल सेवा मार्ग में गुजरात के मेहसाणा, पालनपुर, राजस्थान के आबूरोड, पिंडवाड़ा, जवाई बांध, फालना, रानी, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, गुडग़ांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ कैंट, मुजफ्फरनगर व रूडक़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।



