जयपुर से जोड़े की जुदाई, एक को जोधपुर व दूसरे को देवनगरी
- सिरोही में पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने संभाला पद
सिरोही. पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद सिरोही जिले को नए पुलिस अधीक्षक मिले हैं। यहां पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ को नियुक्ति मिली हैं। वे जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस अधीक्षक द्वितीय के पद पर तैनात थे। यहां यह खास है कि उनकी पत्नी कमल शेखावत भी आईपीएस हैं तथा वे दोनों ही जयपुर में तैनात थे। अब जयपुर से इस जोड़ी को जुदा करते हुए अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। इन्हें देवनगरी सिरोही व कमल शेखावत को जोधपुर कमिश्नरेट में (डीसीपी वेस्ट) तैनात किया गया है।
संगठित अपराध पर करेंगे सख्त कार्रवाई
वहीं, जयपुर से स्थानांतरित होकर आए पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने यहां पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण कर विभाग में विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। पत्रकारों से रूबरू होकर बताया कि संगठित अपराध व नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुजरात का सीमावर्ती जिला होने से शराब तस्करी का भी रूट भी है, जिस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेरणादायक व ऐतिहासिक कॅरियर ग्राफ
इनका कॅरियर ग्राफ न केवल प्रेरणादायक है वरन् ऐतिहासिक भी है। ज्ञातव्य है कि पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ व उनकी पत्नी कमल शेखावत वर्ष-1998 बैच के आरपीएस अधिकारी है। वहीं, पदोन्नति भी एक ही साथ मिली। वर्ष-2025 में गृह मंत्रालय ने इन्हें एक साथ आरपीएस से आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया था। राजस्थान पुलिस के इतिहास में यह पहला अवसर रहा, जब किसी दंपत्ति को एक साथ यह गौरव मिला। वहीं, इन दोनों ने 21 अगस्त 2025 को दिल्ली में एक साथ इंटरव्यू दिया और 2024 की रिक्तियों के विरुद्ध इनका चयन हुआ।
बेस्ट पुलिसिंग का उदाहरण है दम्पति
बताया जा रहा है कि दोनों ही पुलिस अधिकारी अपने मृदुभाषी स्वभाव और सामाजिक सक्रियता के लिए भी जाने जाते हैं। विभाग में भले ही इनकी छवि सख्त अधिकारी के रूप में देखी जाती रही है, लेकिन बेस्ट पुलिसिंग के लिए भी जाने जाते हैं। महकमे में इन्हें अनुशासित व ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाना जाता है।



