जोधपुर की टीम ने पिण्डवाड़ा में पकड़ा डोडा-पोस्त से भरा ट्रक

- तस्करों की नकेल कसने में नाकाम हो रही लोकल पुलिस
- मुख्य मार्ग होने के बावजूद इनके हाथ आ रहे बड़े तस्कर
सिरोही. पिण्डवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा-पोस्त से भरा ट्रक जब्त किया है। यह माल मध्यप्रदेश से बाड़मेर जा रहा था। कार्रवाई पुलिस की जोधपुर से आई रेंज की स्पेशल टीम ने की है। डोडा-पोस्त की इस बड़ी खेप के साथ ही पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उधर, डोडा-पोस्त तस्करी का मुख्य मार्ग होने के बावजूद लोकल पुलिस तस्करों की धरपकड़ करने में नाकाम साबित हो रही है। हां, औपचारिक रूप से पकड़ में आए कुछ मामलों से आंकड़ों का टारगेट जरूर दिखाया जा रहा है।
पकड़ा 2.87 करोड़ का डोडा-पोस्त
पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि मोरस के समीप राजमार्ग पर रेंज स्पेशल टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में ट्रक पकड़ा है। इसमें 19 क्विंटल 14 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया। ट्रक आरजे 19 जीके 2529 को जब्त कर बाकासर सरली (बाड़मेर) निवासी जेठाराम पुत्र बोहराराम जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद माल की अनुमानित कीमत पौने तीन करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
तस्कर वाहन छोड़ भाग गए थे
गत वर्ष दिसम्बर माह में पिण्डवाड़ा में जनापुर चौराहे पर एक लग्जरी वाहन में करीब तीन क्विंटल डोडा-पोस्त भरा मिला था। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रेंज से आई टीम ने की थी। टीम पीछा कर रही थी एवं भागने के चक्कर में वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। तस्कर इसे छोडक़र भाग गए। बाद में लोकल पुलिस ने इसे अपनी उपलब्धि दर्शाते हुए फोटो सेशन भी करवाया।
सजगता नहीं दिखा रही लोकल पुलिस
डोडा-पोस्त तस्करी का सिल्क रूट होने के बावजूद पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ज्यादा सजग नहीं दिख रही। यही कारण है कि दो माह में इस तरह की दो बड़ी कार्रवाई भी जोधपुर रेंज से आई स्पेशल टीम ने अंजाम दिया। महज एक दिन पहले ही एक एस्कॉर्ट वाहन लोकल पुलिस के हाथ लगा। इससे पीछे आ रही अन्य कार का सुराग मिला, लेकिन वह कार रोहिड़ा थाना क्षेत्र में घुस गई। हालांकि वहां कार पकड़ 40 किलो डोडा-पोस्त जब्त कर लिया, लेकिन एस्कॉर्ट वाहन पकड़ते समय ही सजगता दिखाते तो डोडा-पोस्त से भरी कार भाग नहीं पाती।
लोकल पुलिस की दबंगई तो है ही
वैसे थाना क्षेत्र में पुलिस की दबंगई का अंदाज तो इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस कांस्टेबल बस चालकों को धमका देती हैं और उसका वीडियो तक वायरल होता है। थानाधिकारी महेंद्र सिरवी के जोधपुर व बाड़मेर जिला क्षेत्र में तैनात रहते हुए पिछले कार्यकाल का रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है।



