डोडा तस्करी के बड़े गैंग पर वार, सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार

- डम्पर के गुप्त खाने में छिपाया 774 किलो डोडा बरामद
- जोधपुर रेंज पुलिस की स्पेशल टीम का तस्करी नेटवर्क पर वार
सिरोही. जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम ने पिण्डवाड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए डोडा-पोस्त तस्करी के नेटवर्क पर तगड़ा वार किया है। मंदसौर से बाड़मेर के लिए जा रही डोडा-पोस्त की बड़ी खेप को पकड़ कर पुलिस ने चार तस्करों को दबोच लिया। इसमें सरकारी कर्मचारी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार स्पेशल टीम प्रभारी देवाराम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर खाली डम्पर आरजे 14 जीजी 9723 की तलाशी ली गई। इसके गुप्त केबिन में 774 किलो डोडा-पोस्त मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। एस्कोर्ट कर रही कार नम्बर जीजे 02 बीएच 7067 को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी के आरोप में ट्रक चालक चितलवाना- (जालोर) निवासी हेतराम पुत्र चिमाराम बिश्नोई, मुख्य सरगना धमाणा-गोलिया (सांचौर) निवासी सरकारी अध्यापक मनोहरलाल पुत्र मांगीलाल बिश्नोई, खिरोड़ी (झाब-जालोर) निवासी निलम्बित ग्राम सेवक दीपाराम पुत्र तेजाराम बिश्नोई, झोटड़ा (चितलवाना-जालोर) निवासी कमलेश पुत्र किशनाराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के सहयोग में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है।
हवाला कारोबार पर भी कसेंगे नकेल
बताया जा रहा है कि डोडा-पोस्त तस्करी के इस नेटवर्क में करोड़ों का लेन-देन हो रहा है। इसके लिए हवाला कारोबारियों पर भी पुलिस नजर रख रही है। इस तरह के मामलों पर नकेल कसे जाने के लिए हवाला कारोबार पर भी नकेल कसी जाएगी। पुलिस ने बताया कि मंदसौर-नीमच व मारवाड़ तक के इस तस्करी नेटवर्क को तोडऩे के लिए स्पेशल टीम गठित कर रखी है।
डोडा तस्करी के गिरोह की कमर टूटी
पुलिस के अनुसार स्पेशल टीम की गिरफ्त में आए तस्कर बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं। मंदसौर से बाड़मेर व जालोर के विभिन्न इलाकों में डोडा-पोस्त सप्लाई करने वाला यह बड़ा गिरोह है। जालोर, सांचौर, धोरीमन्ना आदि इलाकों में बड़े सप्लायर होने से ये लोग हर समय बड़ी खेप तस्करी के जरिए लेकर जाते हैं। इनके पकड़ में आने से इस गिरोह की कमर टूटने की संभावना है।



