नशे में धुत्त डॉक्टर का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस को दी गालियां

- शराब पार्टी के दौरान हंगामा मचाया, लोगों ने बुलाई पुलिस
जालोर. रानीवाड़ा सरकारी अस्पताल का डॉक्टर शराब के नशे में पुलिस को ही धमकाने लगा। उसने अपनी पहुंच ऊपर तक होने का हवाला दिया। रात को शराब पार्टी के दौरान जमकर हंगामा मचाने से परेशान हुए आसपास के लोगों ने पुलिस को इत्तला दी थी। इस पर पुलिस पहुंची, लेकिन डॉक्टर साहब नाराज हो गए तथा पुलिसकर्मियों को गालियां बकने लगे।
जानकारी के अनुसार रानीवाड़ा के सरकारी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर दीपाराम चौधरी शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था। लोगों व पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर व उसके साथियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
विवाद बढ़ा तो लोगों ने पुलिस बुलाई
बताया जा रहा है कि रविवार रात यह डॉक्टर अपने अन्य डॉक्टर साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। देर रात नशे की हालत में हंगामा मचाना लगे, जिससे आसपास रहने वाले लोग परेशान हो गए। विवाद होने पर आसपास के कई लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर रानीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश के दौरान डॉक्टर पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझ गया तथा गाली-गलौज करने लगा।
पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया
वीडियो में स्पष्ट है कि डॉक्टर पुलिसकमियों को गालियां दे रहा है। डॉक्टर ने पुलिस पर रौब जमाने की कोशिश करते हुए कहा कि आईएएस व आईपीएस अधिकारी उसके दोस्त है। वीडियो में डॉक्टर पुलिस व अन्य लोगों से बहस करते हुए देखे जा सकते हैं। पुलिस ने एहतियातन कुल तीन जनों को गिरफ्तार किया है। उधर, डॉक्टर के इस हाई वोल्टेज ड्रामे को लेकर चिकित्सा महकमे से कोई कार्रवाई सामने नहीं आई है।



