
- लाखों रुपए की लागत से बना था पथ, अब तोड़ दिया
- विभागों की आपसी लड़ाई में दो दिन अटकी रही पुलिस रिपोर्ट
सिरोही. वाटेरा ग्राम पंचायत में सीवरेज के नाम पर गौरव पथ तोड़ दिया गया। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत लाखों रुपए की लागत से निर्मित गौरव पथ तोड़े जाने पर सार्वजनिक निर्माण विभाग ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। वैसे यह समझ से परे ही है कि पंचायत को यदि काम करवाना ही था तो गौरव पथ क्यों तोड़ा गया। इसे तोड़े बगैर या आसपास से ही कोई अन्य निर्माण करवाया जा सकता था। चाहे जो पर विभागों की आपसी लड़ाई के चक्कर में निर्माण विभाग की एफआईआर दो दिन तक थाने में ही अटकी रही।
जांच के बाद मामला दर्ज किया
उधर, बताया जा रहा है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं बगैर स्वीकृति निर्माण तोडऩे जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने मामला अटकाए रखा। थानाधिकारी अमराराम खोखर का कहना रहा कि अभी जांच चल रही है। इसके बाद मामला दर्ज करेंगे।
निरीक्षण के बाद दी एफआईआर
आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग की स्वीकृति के बगैर ही गौरव पथ तोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर एईएन कमलेश बिश्नोई मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रोहिड़ा थाने में एफआईआर दी गई।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
इस मामले में पीडब्ल्यूडी एक्सईएन रमेश परिहार ने बताया कि वाटेरा में गौरव पथ तोड़े जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद निरीक्षण करवाकर दो दिन पहले पुलिस में एफआईआर दी गई। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



