सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

पत्रक व पीले चावल बांटकर दिया सम्मेलन का न्यौता

  • सनातन जागरण का सम्मेलन आज, तैयारियां पूर्ण
  • शहर के नागेश्वर महादेव मंदिर से निकलेगी कलश यात्रा

सिरोही. संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सिरोही के नागेश्वर बस्ती में रविवार शाम विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मातृशक्ति के नेतृत्व में नागेश्वर महादेव मंदिर से कलश यात्रा भी निकलेगी। सनातन जागरण के इस सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं ने वृहद स्तर पर तैयारियां की है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर पत्रक व पीले चावल बांटकर न्यौता दिया है।

सम्मेलन स्थल आकर्षक रूप से सजाया
आयोजन समिति के अनुसार क्षेत्र के समस्त परिवारों में जबरदस्त उल्लास बना हुआ है। सम्मेलन आदर्शनगर लिंक रोड स्थित राधिका कॉलोनी के हनुमान मंदिर प्रांगण में होगा। सम्मेलन स्थल को भगवा रंग एवं धार्मिक प्रतीकों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। इसमें मंगलपुरी महाराज, मानव सेवा आश्रम सिरोही से साध्वी बाईजी महाराज सहित संतों का सान्निध्य रहेगा। मुख्य वक्ता जोधपुर प्रांत महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख हरिकिशन काकड़ रहेंगे।

तोरणद्वार से मार्गों की सजावट
उधर, सम्मेलन व कलश यात्रा को देखते हुए मार्गों में आकर्षक सजावट की गई है। विभिन्न जगह तोरणद्वार लगाए गए हैं। सम्मेलन से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बालिकाएं व युवतियां कलश धारण कर शामिल होंगी। कलश यात्रा दोपहर तीन बजे हाउसिंग बोर्ड स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर हनुमान मंदिर प्रांगण तक पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन रहेगा।

वाहन रैली से दिया एकता का संदेश
सम्मेलन के उपलक्ष्य में जन-जागृति के लिए शहर में वाहन रैली निकाली गई। इसमें महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। दुपहिया वाहन पर भगवा झंडियां लगाकर श्रद्धालुओं को सम्मेलन में आने का न्यौता दिया गया। वहीं, एकता का संदेश भी दिया गया। दीवारों पर भी सम्मेलन को लेकर जागरूकता संदेश लिखे गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button