दुकान पर दिन-दहाड़े फायरिंग के तीन आरोपी दबोचे

- उधार मांगे दस लाख, नहीं देने पर फायर दाग दिए
पाली. तखतगढ़ कस्बे में दिन दहाड़े फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन जनों को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों ने दुकानदार से दस लाख रुपए मांगे। नहीं देने पर फायर दाग गए। वारदात के बाद कस्बे में सनसनी फैल गई थी। माना जा रहा है कि आरोपियों ने दहशत बनाए रखने के लिए फायर दागे थे। पुलिस हथियार व वाहन बरामदगी के प्रयास कर रही है।
वारदात का चौबीस घंटों में खुलासा
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि तखतगढ में गत 11 अप्रेल को व्यापारी पर दिन-दहाड़े फायरिंग कर आरोपी फरार हो गए थे। मामला दर्ज कर तखतगढ़ थाना पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी आधार पर जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात का चौबीस घंटों में ही खुलासा किया।
यह था मामला
ज्ञातव्य है कि गत 11 अप्रेल की दोपहर तखतगढ़ के मुख्य बाजार स्थित भरत सोनी की दुकान पर आरोपियों ने फायर दाग दिए थे। दुकानदार ने बताया था कि तखतगढ़ निवासी रविन्द्र जाट उससे 10 लाख रुपए उधार मांग रहा था। एक दिन पहले भी उसे इसके लिए फोन किया था। दोपहर को वह बिना नम्बरी वाहन लेकर आया तथा अपने साथी को उसकी दुकान पर भेजा, लेकिन भरत सोनी ने दस लाख रुपए देने से मना किया। इस पर रविन्द्र ने जान से मारने की नियत से गाड़ी में बैठे-बैठे ही फायर दाग दिया। इसके बाद आरोपी भाग गए।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने जालोर, नोसरा, भाद्राजून, समदड़ी, लूनी, जोधपुर तक आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद घटना में शामिल मुख्य आरोपी तखतगढ़ निवासी रविन्द्र जाट पुत्र मनीराम जाट एवं उसके साथी पादरली (भाद्राजून) निवासी महेन्द्रपुरी पुत्र सुरेशपुरी गोस्वामी व संजीव उर्फ संजय मेघवाल पुत्र नैनाराम मेघवाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।#pali. Police disclosed the firing case in broad daylight in Takhatgarh town, three arrested