पिता बना हैवान: दो बच्चों व पत्नी की गला काट कर दी हत्या

- ट्रिपल मर्डर के बाद खुद ही पुलिस को दी सूचना
- कारणों का पता नहीं चला, वारदात से क्षेत्र में फैली सनसनी
जालोर. भीनमाल के समीप दासपा गांव में एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों व पत्नी की गला काट कर हत्या कर दी। ट्रिपल मर्डर की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद युवक ने खुद ही पुलिस को सूचना दी। हत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस के अनुसार मंगलाराम पुरोहित ने घर में सो रही अपनी पत्नी दाड़मी देवी एवं दस वर्षीय पुत्री नीकू व सात वर्षीय पुत्र हितेश की बला काट कर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या इतने निर्मम तरीके से की गई थी कि खून के छींटें दीवारों पर बिखरे नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक के अन्य दो बच्चे और है, जिनमें से एक मूक-बधिर बच्चा है। वारदात के समय वह अपने दादा के साथ कहीं गया हुआ था। वहीं, सबसे बड़ा पुत्र देसावर है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
बताया जा रहा है कि आरोपी मंगलाराम ने हत्या के बाद पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उसी ने पत्नी व बच्चों की हत्या की है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।



