सिरोहीcrime newsrajasthansirohiराजस्थान

पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप, मामला रफा-दफा करने में जुटी पुलिस

  • हेलमेट नहीं होने से मांगे एक हजार रुपए, नहीं दिए तो पीटा
  • डायल-100 से नहीं मिली मदद, पीडि़त की डीएसपी से गुहार

सिरोही. आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में बाइक पर जा रहे मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हेलमेट पहना नहीं होने से पुलिसकर्मियों ने उससे एक हजार रुपए मांगे थे, नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की। आरोप लगाया कि उसने डायल-100 पर सूचना दी थी, जिस पर एक महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। पीडि़त ने पुलिस उप अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामला सप्ताहभर पहले का बताया जा रहा है।

पीडि़त पटेलफली (गणका-आबूरोड) निवासी भरतराम पुत्र मावाराम गरासिया ने परिवाद में बताया कि गत 27 फरवरी कर रात को वह मजदूरी कर मावल से पिता के पास खेत पर जा रहा था। तलहटी के समीप नशे की हालत में दो पुलिसकर्मी अशोक व दिनेश मिले। उसे रूकवा कर हेलमेट नहीं पहना होने की बात कही तथा एक हजार रुपए मांगे। पैसे नहीं होने से वह नहीं दे पाया तथा चालान बनाने की बात कह दी। इस पर दोनों पुलिसकर्मी नाराज हो गए तथा उसे गाली-गलौज करते हुए उससे मारपीट शुरू कर दी। मारते-मारते उसे दूर तक ले गए तथा घायल होकर जब वह नीचे गिर गया तब छोड़ा। मारपीट से उसके पैरों व जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे बैठने-उठने व चलने-फिरने में मुश्किल हो रही है। आरोप है कि पुलिस अब मामला रफा-दफा करने में जुटी है।

फिर भी कोई मदद नहीं मिली
पीडि़त न बताया कि नीचे गिरे हुए ही उसने फोन से 100 नम्बर पर मदद मागी। इस पर एक महिला पुलिसकर्मी वहां आई। उनके आने पर आरोपी पुलिसकर्मी वहां से चले गए। लेकिन, मदद के लिए आई महिला पुलिसकर्मी ने भी कोई सहायता नहीं की।

किस काम का राजकॉप का प्रचार
पुलिस इन दिनों राजकॉप एप का प्रचार कर रही है। इसके तहत पीडि़त पक्ष पुलिस को कहीं से भी सम्पर्क कर सकते हैं। लेकिन, इस मामले में यह दिखावा साबित हुआ। डायल-100 से मदद पहुंची तो सही पर पीडि़त की मदद नहीं कर पाए। पुलिस से सम्पर्क होने के बाद भी यदि पीडि़त को सहायता न मिले तो राजकॉप का प्रचार भी किस काम का।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button