
- संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई
- भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया स्थापना दिवस
सिरोही. भाजपा ने बुधवार को पार्टी स्थापना दिवस उल्लास से मनाया। इस दौरान कई कार्यक्रम हुए। पार्टी का ध्वज फहराया तथा नमन व वंदन किया गया। साथ ही पार्टी के संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। प्रेरणादाई नेतृत्व के प्रति भी आभार जताया।
सिरोही में भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर कई आयोजन हुए। सिरोही शहर मंडल की ओर से कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया। संगठन को बुलंदियों पर पहुंचाने में योगदान देने वाले असंख्य कार्यकर्ताओं एवं महापुरुषों के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा को श्रद्धा से याद किया। पार्टी के संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाने के प्रति सभी कार्यकर्ताओं ने वर्ग गीत के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। #sirohi.#BJP #celebrated #foundation #day
नवीन पर्व के लिए नवीन प्राण चाहिए…
स्थापना दिवस पर शहर के शांतिनगर में जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी व नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया। इस मौके पर वर्ग गीत नवीन पर्व के लिए नवीन प्राण चाहिए, पगों में आंधियां भरे प्रयाण गान चाहिए… गाते हुए सभी ने संगठन की निरंतर अनवरत यात्रा में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
विकासोन्मुखी राजनीति का पर्याय है भाजपा
इस मौके पर भाजपा उपाध्यक्ष नारायण देवासी ने कहा कि पार्टी अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा, अंत्योदय के सिद्धांत व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ निरंतर प्रयासरत है। शहर मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति सर्व समावेशी के साथ सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र लेकर भाजपा चल रही है। इससे आज भाजपा विकासोन्मुखी राजनीति का पर्याय बन चुकी है।
शहर में निकाली वाहन रैली निकाली
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ध्वज वंदन के बाद परस्पर शुभकामनाएं दी। कार्यकर्ताओं ने शहर में दुपहिया वाहन रैली निकाली तथा पुराना बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरक लाइव संबोधन सामूहिक रूप से टीवी पर देखा। पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित, अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री प्रवीण राठौड़, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, पार्षद अरुण ओझा, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपालसिंह चारण, नगर मंत्री अजय भट्ट, मानकचंद सोनी, चुन्नीलाल पटेल, हरीश दवे, कपूराराम पटेल, हिमांशु वाघेला, कन्हेयालाल पटेल, इंदरसिंह मकवाना आदि मौजूद थे।