- हाईवे की होटलों में गुजरात से लगातार आ रहा मिलावटी पनीर
- स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होटल में दबिश देकर पकड़ा
सिरोही. जिले में गुजरात से मिलावटी पनीर आने का सिलसिला लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को पिण्डवाड़ा क्षेत्र में झाड़ोली के समीप हाईवे की होटल से बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया गया। प्रथमदृष्टया मिलावटी पाया जाने से पनीर नष्ट करवा दिया। वहीं, होटल संचालक पर कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि झाड़ोली के समीप होटल सर्वोत्तम में मिलावटी पनीर आने की सूचना पर दबिश दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत व धर्मवीर रैगर के नेतृत्व में टीम ने यहां से करीब साठ किलो पनीर जब्त किया। यह पनीर होटल में खाद्य सामग्री बनाने के काम में लिया जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पनीर पाटन से खरीदा गया था।
पाटन से सिरोही आ रहा मिलावटी पनीर
कुछ दिन पहले ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सिरोही में कार्रवाई कर छह क्विंटल पनीर जब्त किया था। यह पनीर भी प्रथमदृष्टया मिलावटी पाया गया था। वैन में पनीर लेकर आए चालक ने बताया था कि यह माल पाटन-गुजरात से लाया गया था। वह इसे हाईवे की होटलों में आपूर्ति करने वाला था। इस बार हाईवे की होटल में ही पनीर पकड़ लिया, जो पाटन से लाना बताया।
फोरलेन पर पकड़ी पनीर से भरी वैन
उल्लेखनीय है कि गत दिनों टीम ने सिरोही में फोरलेन पर कार्रवाई कर एक वैन पकड़ी थी। इसमें पाटन निवासी थरादरा शहजाद सिद्दीकी के पास से करीब 600 किलो पनीर बरामद किया गया। मोबाइल लैब के जरिए जांच करने पर यह पनीर मिलावटी मालूम हुआ। इसके बाद जोधपुर लैब के लिए भी सैम्पल भेजे गए। बाद में तालाब किनारे गड्ढा खुदवाकर पनीर नष्ट कर दिया गया।



