- राज्यपाल ने आबूरोड में किया नेशनल मीडिया कांफ्रेंस का आगाज
सिरोही. राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शनिवार को आबूरोड के ब्रह्माकुमारी संस्थान में नेशनल मीडिया कांफ्रेंस का आगाज करते हुए कहा कि मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। मीडिया विश्वास, एकता और शांति बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। कहा कि भारतीय लोकतंत्र कई बरसों से अक्षुण्ण है इसका कारण भारत के कई लोगों का बलिदान है जिन्होंने समय समय पर इस देश की संस्कृति, एकता और लोकतंत्र को अक्षुण्ण रखने के लिए कार्य किए हैं।
हमारी संस्कृति लगातार फलीभूत होती रही
राज्यपाल ने कहा कि हजार वर्षों से ज्यादा समय तक हमारी संस्कृति को छिन्न-भिन्न करने की कोशिश की गई है। मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भी संस्कृति को क्षति पहुंचाने की कोशिश की। विश्व में जब कुल छह विश्वविद्यालय थे, उस समय हमारे पास नालंदा और तक्षशिला जैसे दो विशाल विश्वविद्यालय थे। विभिन्न आक्रांताओं के कुत्सित प्रयासों के बाद भी हमारी संस्कृति नष्ट नहीं हुई, बल्कि तेजी से बढ़ रही है। हमारे यहां कई योगी व महात्मा हुए हैं। हम सर्वधर्म को मानने वाले है इसलिए हमने किसी पर आक्रमण नहीं किया।
शांति के लिए कार्य करने का आह्वान
उन्होंने कहा कि सभी लोग राष्ट्रहित व शांति के लिए कार्य करें, यह बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया का हर माध्यम आज के समय में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। राज्यपाल ने बताया कि हमारा देश विश्व में कई क्षेत्रों में अग्रणी है तथा सामूहिक प्रयासों के कारण आगे प्रगतिरत भी है। उन्होंने पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी को स्मृति स्तंभ पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही बीके मोहिनी दीदी को इंटरनेशनल बुक ऑफ ऑनर प्रदान किया।
राज्यपाल का जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। दो दिवसीय प्रवास के बाद राज्यपाल शनिवार को यहां से प्रस्थान कर गए। इस दौरान मानपुर हवाई पट्टी पर जिला कलक्टर अल्पा चौधरी, पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान, उपखंड अधिकारी अंशुप्रिया मौजूद रहे।



