
- हर सिर पर सजा केसरिया साफा, झांकियों के बीच शोभायात्रा
- स्वामी विवेकानंद प्रतिमा अनावरण समारोह
सिरोही. शहर में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी स्थित पार्क में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। विधायक संयम लोढ़ा का मुख्य आतिथ्य रहा।
उन्होंने कहा कि कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व के नायक रहे हंै। उन्होंने सभी धर्मों का अध्ययन किया तथा वे सभी धर्मों को मानव हित से प्रेरित मानते थे। सौभाग्य है कि हमें सनातन संस्कृति से ओतप्रोत भारत भूमि में जन्म मिला।#Swami Vivekananda was the hero not only of India but of the world – unveiling of Swami Vivekananda’s statue in Sirohi
भगवामय बना रहा शहर
समारोह को लेकर शहर भगवामय बना रहा। विभिन्न झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हर सिर पर केसरिया साफा सजा रहा। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी शोभायात्रा को लोग एकटक निहारते नजर आए। इस दौरान नृत्य कलाकारों ने भी समां बांधे रखा। उल्लेखनीय है कि पीडब्ल्यूडी कॉलोनी का यह पार्क अर्से से बदहाल ही था। प्रतिमा अनावरण के साथ ही पार्क के स्वरूप में सुधार किया गया है।
युगों-युगों से चला आ रहा है सनातन धर्म
विधायक ने सनातन धर्म की विशालता पर बताया कि सनातन धर्म को समझने के लिए हमारा जीवन भी कम पड़ जाता है। सनातन धर्म युगों-युगों से चला आ रहा है। कहा कि शंकराचार्य ने पूरे भारत वर्ष की पदयात्रा कर चार पीठ स्थापित कर धर्म के माध्यम से राष्ट्रीय एकता स्थापित करने एवं पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। धर्म की ध्वजा किसी शासन के आगे न तो झुकती है और न रूकती है।
बच्चों को बताए महापुरुषों की जीवनी
विधायक ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का उदाहरण देते हुए बताया कि उनका अपने पिता के प्रति आदर एवं भाइयों का स्नेह मानव जाति के सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। बच्चों को भगवान राम, श्रीकृष्ण व अन्य महापुरुषों व देशभक्तों की जीवनी के बारे में जानकारी देनी चाहिए, ताकि वे जीवन में किसी भी आपदा का मुकाबला कर सके। बालकों को स्वामी की जीवनी बताई जाने का आह्वान किया, ताकि बच्चे राष्ट्रहित में समर्पित हो तथा देश को एक सूत्र में बांध सके।

बालकों को किया पुरस्कृत
उधर, शोभायात्रा के दौरान वेशभूषा प्रतियोगिता हुई, जिसमें स्वामी विवेकानंद के रूप में भाग लेने वाले उत्कृष्ट बालकों को पुरस्कृत किया गया। समारोह स्थल पर स्वामी विवेकानंद के जीवन परिचय पर प्रदर्शनी लगाई गई। शिक्षा अधिकारी गंगा कलावंत व शिक्षक दिलीप शर्मा के नेतृत्व में दिशा, निकिता, प्राची, कशिश, प्रियंका, प्रियल, हिमांशी, काव्या, हेतल व तीर्थराज ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। समारोह में नगर परिषद सभापति महेन्द्र मेवाड़ा, पार्षद सुरेश सगरवंशी, एनएसयूआई के दशरथ नरूका ने भी विचार व्यक्त किए।
समारोह में इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान उपखंड अधिकारी सीमा खेतान, एएसपी देवाराम चौधरी, तहसीलदार अपूर्ण गौतम, सुनीता चारण, नगर परिषद आयुक्त महेन्द्र राजपुरोहित, नेता प्रतिपक्ष मगन मीणा, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन कार्तिकेय शर्मा ने किया।
https://rajasthandeep.com/?p=4660 … लॉरेंस गैंग के गुर्गे पर दबिश, डायरियों में मिला करोड़ों का हिसाब- घर से मिले मादक पदार्थ व लाखों के जेवरात- दो जगह कार्रवाई में पिता व भाई समेत कुल आठ गिरफ्तार … जानिए विस्तृत समाचार…