सिरोहीpoliticsrajasthansirohiराजनीतिराजस्थान

मिली सौगात: गौतम बाबा पुलिया और सिरोही में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट

  • आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं
  • राज्यमंत्री ने बताया बजट में सिरोही जिले को मिली बड़ी सौगातें

सिरोही. पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने बताया कि बजट घोषणाओं में सिरोही जिले को कई बड़ी सौगातें मिली हैं। मुख्यत: मीणा समाज के आराध्य गौतमजी-देवो का वेरा पुलिया के लिए साढ़े सोलह करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसी तरह सिरोही में पचास हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की है। जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं से विकास को नई गति मिलेगी। वे शनिवार को यहां सर्किट हाउस में बजट को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि गौतमजी-देवो का वेरा आरसीसी पुलिया निर्माण सहित विभिन्न सडक़ कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति दी गई है। रेवदर, पिंडवाड़ा और सिरोही क्षेत्र में कई सडक़ और पुलिया निर्माण कार्य प्रस्तावित किए हैं। आबूरोड-मंडार-सांचौर राजमार्ग के लिए 535 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच ट्यूबवेल और दस हैंडपंप लगाए जाएंगे। जिले में नए 33 केवी जीएसएस निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। माउंट आबू स्थित संत सरोवर झील के पुनर्विकास एवं पार्क के सुदृढ़ीकरण के लिए बजट प्रावधान किया गया है। शिवगंज के कानाकोलर में देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय में विज्ञान संकाय खोला जाएगा। वहीं, पिंडवाड़ा के ठंडी बेरी में जनजाति बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। सिरोही कारागार में आधारभूत कार्य और मुलाकात कक्ष का निर्माण, लूनेरी बांध के जीर्णोद्धार, डाबरकला पशु चिकित्सा केंद्र के क्रमोन्नयन और गोशाला संवर्धन से जुड़े कार्य भी प्रस्तावित हैं। माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में जैव विविधता संरक्षण के कार्य करवाए जाएंगे। जिले के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं और शौचालय निर्माण पर भी ध्यान दिया जाएगा। साथ ही जिले की विभिन्न मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सडक़ों का निर्माण कराया जाएगा।

आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा
राज्यमंत्री देवासी ने बताया कि इन घोषणाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान विधायक समाराम गरासिया गरासिया, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, भाजपा जिला महामंत्री नरपतसिंह राणावत, वरिष्ठ नेता वीरेंद्रसिंह चौहान, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, चिराग रावल, बाबूसिंह मांकरोड़ा आदि मौजूद थे।

प्रदेश से प्रस्तावित रहे जिलास्तरीय कार्यक्रम
राजस्थान बजट को लेकर प्रदेशभर में दो दिवसीय प्रेस वार्ता के कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए। इसके तहत प्रत्येक जिले में मंत्री, विधायक, प्रदेश प्रतिनिधि व जिलाध्यक्ष को मौजूद रहने का दायित्व दिया गया। सिरोही में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, विधायक समाराम गरासिया व पूर्व विधायक जगसीराम, प्रदेश से महेंद्र कुमावत व जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी को दायित्व सौंपा गया।

दायित्व मिला पर अधिकतर नदारद
यह दिलचस्प रहा कि सिरोही में जिन जनप्रतिनिधियों को दायित्व सौंपा गया था, उनमें से अधिकतर नदारद ही रहे। यहां राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने अकेले ही प्रेस वार्ता की। अंतिम समय में विधायक समाराम गरासिया पहुंचे। उन्होंने अपनी हाजिरी दर्शाने की खातिर समाचार में अपना नाम व फोटो प्रकाशित करने का अनुरोध किया। पूर्व विधायक जगसीराम, प्रदेश प्रतिनिधि व जिलाध्यक्ष नजर ही नहीं आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button