
- फोन कॉल के बाद दिल्ली रवाना हुए आबू-पिण्डवाड़ा विधायक
- प्रस्तावकों में शामिल रहेंगे प्रधानमंत्री समेत कई दिग्गज
सिरोही. राष्ट्रपति पद के लिए भाजपा-एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में प्रस्तावक के लिए सिरोही जिले के समाराम गरासिया भी शामिल रहेंगे। आबू-पिण्डवाड़ा विधानसभा सीट से वे विधायक हैं तथा ट्राइबल एरिया व मजदूर संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्हें प्रस्तावक बनाए जाने से सिरोही जिले में तो खुशी की लहर है ही जनजाति समुदाय में भी उल्लास बना हुआ है। विधायक के समर्थक बताते हैं कि फोन कॉल आने के बाद वे तत्काल ही रवाना हो गए। उन्होंने उदयपुर से वायुमार्ग के जरिए दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। उधर, आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत की संभावना प्रबल है। यदि वे जीत जाती हैं तो देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।#President’s proponent: Sirohi district’s mla samaram in the headlines of politics

मारवाड़-मेवाड़ से कुल पांच आदिवासी विधायक
एनडीए की राष्ट्रपति पद की पहली आदिवासी उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावकों में समाराम गरासिया समेत प्रदेश के अन्य चार आदिवासी विधायक भी शामिल रहेंगे। ये सभी दिल्ली पहुंच चुके हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार उदयपुर ग्रामीण विधानसभा से फूलसिंह मीणा, सलूम्बर से अमृतलाल मीणा, झाड़ोल से बाबूलाल खराड़ी, गढ़ी से कैलाश मीणा को भी प्रस्तावक बनाया गया है। उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होते समय विधायकों ने जीत का विक्ट्री सिंबल दिखाते ग्रुप फोटो खिंचवाई।
अपने विधायक भी दिग्गजों की टीम में
राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार के नामांकन में आबू-पिण्डवाड़ा विधायक को प्रस्तावक बनाए जाने से सिरोही देश की सूर्खियों में आ गया है। प्रस्तावक के रूप में जहां खुद प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई दिग्गज भी शामिल हैं। प्रस्तावकों में आबू-पिण्डवाड़ा विधायक को सम्मिलित करना सिरोही के लिए गौरव की अनुभूति कही जा सकती है कि अपने जिले के विधायक भी दिग्गजों की टीम में शामिल हैं।
नामांकन के बाद प्रचार अभियान का आगाज
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक होंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के अन्य शीर्ष नेता भी प्रस्तावकों में शामिल रहेंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के बाद द्रौपदी मुर्मू अपना चुनावी अभियान आरंभ करेंगी। वह देशभर का दौरा कर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगी और चुनाव में समर्थन की गुजारिश करेंगे।
भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है-पीएम मोदी
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। मोदी ने कहा, द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का देशभर में और समाज के सभी वर्गों की ओर से सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है। इसके बाद मुर्मू ने गृह मंत्री से मुलाकात की। गृहमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, राजग के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा। मुर्मू ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से भी मुलाकात की।