रेलवे अंडरब्रिज से गुजर रही महिला पर गिरा टीन शेड का पाइप

- ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लगाया बेपरवाही का आरोप
सिरोही/आबूरोड. भूजेला में रेलवे अंडरब्रिज से गुजर रही महिला पर टीन शेड का पाइप गिर गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि महिला भूजेला में किराना दुकान पर सामान लेने गई थी। इस दौरान ऊपर से टीन शेड का पाइप गिर गया तथा अंडरब्रिज से गुजरते समय महिला उसकी चपेट में आ गई। उधर, ग्रामीणों ने इस हादसे के बाद ठेकेदार पर बेपरवाही से कार्य करने का आरोप लगाया है। हादसे में भूजेला निवासी ललिता कालबेलिया घायल होने की जानकारी मिली है।#Sirohi/Abu Road. Teen shed pipe fell on woman passing through railway underbridge in Bhujela
इस तरह चल रहा टीन शेड वर्क
जानकारी के अनुसार रोहिड़ा थाना क्षेत्र में भूजेला के समीप अंडरब्रिज 118 पर टीन शेड लगाया जा रहा है। इसके लिए ठेकेदार ने अंडरब्रिज के दोनो ओर पाइप लगाए हैं। इस कार्य को लेकर कुछ पाइप वेल्ड किए गए हैं तथा कुछ पाइप यूं ही रख दिए हैं। इनमें से ही एक पाइप महिला पर गिर गया।
आगे से आगे रैफर किया
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर रोहिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा महिला को आबूरोड ट्रोमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रैफर कर दिया गया। उपचार के लिए महिला को सिरोही से पाली और वहां से गुजरात ले जाना बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि बेपरवाही से कार्य चल रहा है, जिससे अंडरब्रिज में हादसा हुआ। ब्रिज में सड़क टूटी होने से दुपहिया वाहन चालक भी आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं।