- सिरोही आगार की बस में कर्मचारियों ने मजे से छलकाए जाम
- उदयपुर चलने वाली बस का भीनमाल में था रात्रि ठहराव
सिरोही. रात्रि ठहराव के दौरान रोडवेज की बसें मयखानों में तब्दील हो रही है। डयूटी ऑफ होने से पहले रोडवेजकर्मी ही इन बसों में बैठकर जाम छलकाते हैं। सिरोही आगार की बस में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। बस भीनमाल से उदयपुर के लिए चलती है। बताया जा रहा है कि गत 6 अप्रेल को भीनमाल में रात्रि विश्राम के दौरान रोडवेजकर्मियों ने सीटों पर बैठ आराम से पार्टी की और बाद में चले गए। इस घटना का किसी ने वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, अधिकारी बताते हैं कि ऑफ ड्यूटी के बाद कर्मचारी क्या करते हैं इसका ध्यान हम कैसे रख सकते हैं, लेकिन रोडवेज बसों में बैठकर शराब पार्टी करने के मामले में वे जानकारी जुटाने की बात कह रहे हैं।
ड्यूटी ऑफ से पहले छलके जाम
बताया जा रहा है कि उदयपुर से लौटकर यह बस भीनमाल में ऑफ रोड हो गई थी। रात्रि विश्राम के दौरान यह बस निर्धारित जगह खड़ी रहती है। लेकिन, रोडवेज कर्मचारी ने इस बस को मयखाना बना दिया। ड्यूटी ऑफ होने के दौरान पहले उसने बस में बैठकर शराब पार्टी की।
गिलास में शराब व बीड़ी के सुट्टे
नियमानुसार रोडवेज की बसों में शराब पार्टी तो क्या धूम्रपान तक निषेध है। बसों में इस तरह की चेतावनी भी लिखी रहती है, लेकिन कर्मचारी खुद ही नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट रूप से रोडवेज कर्मचारी शराब सेवन के साथ ही बीड़ी के सुट्टे लगाता भी दिख रहा है।
मजबूत नहीं है जिम्मेदारों का निगरानी तंत्र
बसें ऑन रोड हो या ऑफ रोड इनकी निगरानी को लेकर रोडवेज का तंत्र कितना मजबूत है यह इस घटना से पता लग रहा है। इसलिए कि पूरे मामले को लेकर सिरोही आगार प्रबंधक बेखबर ही है। उनके पास इस सम्बंध में कोई जानकारी नहीं है। वैसे घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों के पास अभी तक इसकी जानकारी नहीं पहुंचना विड़म्बना ही है।
पूरी जानकारी लेकर ही बताता हूं…
ऑफ ड्यूटी कर्मचारी के बारे में हम कुछ नहीं कह सकते। वैसे रोडवेज बस में शराब पार्टी करना गलत है। इस तरह का वीडियो या फोटो मेरे पास नहीं आया है। उस रात बस का भीनमाल में ठहराव था। पूरी जानकारी लेकर ही बता सकता हूं।
- यशवंतराज सिंघानिया, मुख्य प्रबंधक, सिरोही आगार



