
- हाकम बदलते ही नियमों पर आ गए जिम्मेदार
- जिले में एक ही दिन में जब्त किए एक सौ दो सिलेंडर
सिरोही. जिला भी यही है और अधिकारी भी वे ही हैं, बस बदल गए हैं तो हाकम। अब बदलाव हुआ है तो कुछ कार्रवाई या अपनी सख्ती तो दिखानी ही पड़ेगी। शायद यही कारण है कि कलक्टर को सब कुछ ठीक दिखाने के लिहाज से जिले के जिम्मेदार अब नियमों की पालना पर आ गए है। गैस की किल्लत के बीच कुछ दिन पहले तक जहां सब कुछ ठीक चल रहा था वहां एक ही दिन में जिम्मेदारों को कालाबाजारी नजर आ गई। यहां तक कि जिलेभर में कुल एक सौ दो सिलेंडर जब्त कर लिए गए। सर्वाधिक अवैध सिलेंडर आबू एसडीएम ने जब्त किए हैं।
आबू में अचानक से दिखे अवैध सिलेंडर
इस पूरी कार्रवाई में सर्वाधिक यानि आधे से ज्यादा सिलेंडर अकेले आबू से ही है। कार्रवाई स्वयं एसडीएम ने की हैं, जो आईएएस हैं एवं कुछ महीनों से यहीं पदस्थापित हैं। नए जिला कलक्टर से आदेश जारी होते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई और सिलेंडर जब्त कर लिए। आबू में इन्हें अचानक से अवैध सिलेंडर कैसे दिखे यह सोचने वाली बात है।
जिले में संयुक्त रूप से हुई कार्रवाई
जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर के निर्देशों की पालना में रविवार को जिलेभर में कार्रवाई की गई। सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं जिला रसद अधिकारी कार्यालय के प्रवर्तन अधिकारी व निरीक्षक ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। जिले में प्रत्येक उपखंड पर एलपीजी गैस के अवैध उपयोग, कालाबाजारी व भंडारण पर कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में कुल एक सौ दो सिलेंडर जब्त
जिला रसद अधिकारी के अनुसार इस कार्रवाई में कुल एक सौ दो सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके तहत सिरोही में 10, शिवगंज में 10, पिंडवाड़ा में छह व रेवदर में 11 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, आबू में उपखंड अधिकारी की कार्रवाई में आबूरोड में 15 और आबू पर्वत पर कुल 50 सिलेंडर जब्त किए गए।



