व्यापारी से लूट ले गए दो करोड़ के जेवर, मुम्बई से पकड़े बदमाश

- कार में आए और पिस्टल दिखाकर लूट लिया सोना
- कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए मुम्बई तक पहुंची पुलिस
पाली. फालना थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में दो करोड़ के जेवरातों की लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लूट के बाद आरोपी मुम्बई भाग गए थे। पुलिस ने इनके पास से कार, पिस्टल व जेवरात बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गत 6 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे गुजरात पासिंग कार में आए बदमाशों ने बाइक सवार युवक जगाराम को पिस्टल दिखाकर अगवा कर लिया था। उसके पास मौजूद एक किलो से अधिक वजन के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल ही टीमों का गठन किया तथा आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में हितेश जणवा व मुकेश को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
आगे से आगे क्लू तलाशते रहे
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर तंत्र की सहायता से फालना, सांडेराव, सुमेरपुर, शिवगंज एवं अहमदाबाद, मुम्बई तक कड़ी दर कड़ी क्लू तलाश किए। करीब पखवाड़ेभर तक जांच करते हुए आरोपियों की शिनाख्त की गई। आरोपियों ने वारदात के दौरान वाहन पर फर्जी नंबर लगाए थे, जिससे कुछ मुश्किल रही पर अंतत: पकड़े गए।
कारोबार के जानकार ने साजिश रच दी
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी हितेश जणवा पीडि़त के यहां पूर्व में काम कर चुका है। उसने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। अभी वह मुम्बई में सोने के कारोबार से जुड़ा हुआ है। सोने की आवाजाही की पूरी जानकारी रहने से उसने साजिश रची। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सोना, वाहन व हथियार बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी सिंदरू निवासी मुकेश पुत्र भगवानाराम को भी गिरफ्तार किया है।



