राजनीतिpoliticsrajasthansirohiराजस्थानसिरोही

सांसद ने चेताया: जनप्रतिनिधियों को गुमराह करने का प्रयास न करें

  • जो जानकारी चाहिए वह समय पर व सही रूप में दें
  • जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक

सिरोही. सांसद लुम्बाराम चौधरी ने शनिवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में अधिकारियों को चेताया कि जनप्रतिनिधियों को जो जानकारी चाहिए वह समय पर और सही रूप में दें, गुमराह न करें। इस तरह के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिम्मेदारी एक-दूसरे पर उड़ेलना सही नहीं है।

हुआ यूं कि पूर्व की बैठक में जल जीवन मिशन के तहत कार्य के दौरान गांवों में तोड़ी सडक़ों की मरम्मत को लेकर मुद्दा उठाया गया था। विभाग की ओर से भेजी गई अनुपालना रिपोर्ट में इसका कोई उल्लेख नहीं है। सदस्य ने इस पर नाराजगी जताते हुए सदन को गुमराह करने का मसला उठाया। इस पर संासद ने अधिकारियों को चेताया कि इस तरह के प्रयास न करें।

एक-दूसरे पर उड़ेलते दिखे जिम्मेदारी
इस बैठक में भी तोड़ी गई सडक़ों की मरम्मत को लेकर जल जीवन मिशन व पीडब्ल्यूडी अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी उड़ेलते दिखे। स्वास्थ्य विभाग के भवनों की जांच के मामले में भी सीएमएचओ ने बताया कि रिपोर्ट अभी आनी है, जबकि पीडब्ल्यूडी अधिकारी बोले कि उसी समय दस दिन में रिपोर्ट भेज दी थी। जांच रिपोर्ट के मामले में दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते दिखे।

गुणवत्ता न होने पर सख्त कार्रवाई करें
बैठक में सांसद ने कहा कि विभिन्न एजेंसी और ठेकेदारों के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएं। विकास कार्यों में त्वरित कार्यवाही के लिए जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएं। अस्पतालों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने व मरीजों को राहत पहुंचाने, ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी, टूटी सडक़ों की मरम्मत, पेयजल आदि को लेकर निर्देशित किया। इस दौरान प्रधान हसमुख कुमार समेत अन्य सदस्यों ने समस्याएं रखी तथा समाधान को लेकर सवाल उठाए।

निर्देशों की पालना के निर्देश
बैठक में जिला कलक्टर अल्पा चौधरी ने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों की पालन को लेकर निर्देशित किया। उप वन संरक्षक अजीत उचेई, सीईओ प्रकाशचंद अग्रवाल, एसीईओ शैलेंद्र जोशी, सदस्य भारमाराम गरासिया, जैताराम, रामलाल, विपेशकुमार, किरण कंवर, जसीदेवी, नैनसिंह, हमीराराम मेघवाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button