
- मैस ठेका रिन्यूल व बिल पास करने की एवज में मांगी रिश्वत
सिरोही. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरोही राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसीपल को पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। प्रिंसीपल ने मैस ठेकेदार का ठेका रिन्यूल करने एवं बिल पास करने की एवज में घूस मांगी थी। इसकेे लिए ठेकेदार को जयपुर बुलाया गया था। एसीबी ने जयपुर में कार्रवाई करते हुए प्रिंसीपल को रंगे हाथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार सिरोही स्थित राजकीय बीआर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसीपल (Sirohi Medical College Principal) श्रवणकुमार मीणा ने कॉलेज में संचालित कैंटिन का ठेका नवीनीकरण करने के लिए ठेकेदार से घूस मांगी। वहीं, कैंटिन के बिल भी पास करने थे। प्रिंसीपल जयपुर स्थित अपने आवास पर था। उसने ठेकेदार को रिश्वत की राशि लेकर जयपुर बुलाया। एसीबी अधिकारियों ने राजा पार्क इलाके में कार्रवाई करते हुए प्रिंसीपल श्रवणकुमार मीणा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
छात्रों के खाने से निकली घूस की राशि
घूस लेकर बिल पास करने वाले प्रिंसीपल छात्रों को कितना गुणवत्तायुक्त भोजन परोस रहे होंगे सोच सकते है। वैसे कॉलेज में खाने को लेकर कुछ समय पहले शिकायतें भी हुई थी। इसके बाद प्रिंसीपल व मेडिकल कॉलेज की ओर से बताया गया था कि अब सब नॉर्मल हो चुका है। व्यवस्थाओं में सुधार होना बताया गया, लेकिन ठेकेदार से ली जा रही घूस इस बात का प्रमाण है कि व्यवस्थाओं में क्या सुधार हुआ।



