
- कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर पर्यवेक्षक ने लिया फीड बैक
- कार्यकर्ताओं से किया आह्वान कि नेता बनें या अपना नेता चुनें
सिरोही. कांग्रेस में संगठन चुनाव को देखते हुए पर्यवेक्षक (Congress observer) परेश धनानी (Paresh Dhanani) समेत अन्य ने शनिवार को यहां कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष का चुनाव कार्यकर्ताओं में से ही किया जाएगा। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। उनका कहना रहा कि कार्यकर्ता या तो नेता बनें या नेता चुनें। यहां एक निजी गार्डन में हुई बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी पीड़ा भी सुनाई। एक कार्यकर्ता ने तो यहां तक कह दिया कि सत्ता में आने के बाद आप लोग कार्यकर्ताओं को भूल जाते हैं। पर्यवेक्षक ने सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से वन टू वन वार्ता भी की। सिरोही-जालोर के लिए गुजरात से परेश धनानी को पर्यवेक्षक बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी से सुमन यादव व गोविंदराम मेघवाल को उनके साथ भेजा गया हैं।
दिल्ली में पेश करेंगे फीडबैक
यहां पत्रकारों से बातचीत में पर्यवेक्षकों ने बताया कि पूर्व में जिलाध्यक्ष आगे से तय होते थे पर अब ऐसा नहीं होगा। यहां कार्यकर्ताओं से फीडबैक और आवेदन लिए जा रहे हैं। यह सब दिल्ली में आलाकमान के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद वहां से कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप ही जिलाध्यक्ष तय होंगे।
कार्यकर्ताओं की पसंद तय करेगी जिलाध्यक्ष
संगठन चुनाव के तहत कांग्रेस में यह नवाचार किया जा रहा है। संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर हाईकमान तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। योजना तो यही है कि कार्यकर्ताओं की पसंद के अनुरूप ही जिलाध्यक्ष तय होंगे। लिहाजा कांग्रेस ने राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के पर्यवेक्षकों को जिलों में भेज रखा है। सिरोही-जालोर के लिए गुजरात से परेश धनानी को पर्यवेक्षक बनाया गया है। राज्यस्तर से सुमन यादव व गोविंदराम मेघवाल उनके साथ हैं।



