माता के जगराते में मचेगी गरबों की रमझट, सीख रहीं डांस स्टेप
- नवरात्र महोत्सव की तैयारियों के बीच सामूहिक प्रशिक्षण
- सांस्कृतिक धरोहर बरकरार रखने को प्रयासरत जगदम्बे मंडल
सिरोही. नवरात्र महोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। माता के जगराते में नौ दिन तक गरबा नृत्य की रमझट मची रहेगी। इसके लिए कहीं पांडाल सज रहे हैं तो कहीं डांस स्टेप सीखे जा रहे हैं। जिला मुख्यालय पर मुख्य नवरात्र महोत्सव रामझरोखा मैदान में जगदम्बे नवयुवक मंडल की ओर से इस बार 53वां महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को देखते हुए मंडल की ओर से निशुल्क नृत्य प्रशिक्षण के प्रबंध भी किए गए हैं, ताकि सांस्कृतिक धरोहर को बचाए रखा जा सके। इसके लिए गुजरात की मशहूर नृत्य प्रशिक्षिक संगीताबेन पटेल यहां गरबा के अलग-अलग स्टेप व पारंपरिक नृत्य प्रशिक्षण दे रही हैं।
सौम्य परिधान पहनने की अपील
मंडल संरक्षक लोकेश खण्डेलवाल ने बताया कि सुभाष पार्क के सामने होटल में प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक नृत्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी ने धार्मिक आयोजन की महत्ता के मद्देनजर गरबों के दौरान मर्यादित आचरण वाली सौम्य पोशाक या गरबा के लिए विशेष परिधान पहनकर नृत्य करने की अपील की है। प्रतिभागियों से असभ्य आचरण वाली वेशभूषा पहनकर गरबा स्थल पर नहीं आने का आग्रह किया है।
आरासना अंबाजी से लाएंगे ज्योत
महोत्सव स्थल पर माता का दरबार सजेगा, जिसमें 22 सितम्बर को मां जगदम्बा भवानी की आदमकद प्रतिमा बिराजित की जाएगी। घट स्थापना के साथ ही आरासना अंबाजी धाम से माता की पवित्र ज्योत लाकर प्रज्ज्वलित की जाएगी। अष्टमी को 1008 दीपों से महाआरती का आयोजन होगा। मंडल संरक्षक गिरीश सगरवंशी, रणछोड़ पुरोहित सहित पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर दिशा-निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं कार्यकर्ता
आयोजन की तैयारियों को लेकर मंडल कार्यकर्ता व्यव्स्थाओं में जुटे हुए हैं। मंडल अध्यक्ष अतुल रावल समेत अन्य पदाधिकारी प्रताप प्रजापत, राजेश गुलाबवाणी, विजय पटेल, प्रकाश प्रजापति, दिनेश प्रजापत, तगसिंह राजपुरोहित, शैतान खरोर, सज्जनसिंह राजपुरोहित, रूपेश शर्मा, पर्वतसिंह, दिलीप पटेल, महेश पटेल, विकास प्रजापत, मगन मीणा, हीरालाल माली, सुरेश रावल, हरिश खत्री, महेंद्र सूर्यवंशी आदि तैयारियों में जुटे हुए हैं।



