- घुमंतू पशुओं के बेरोकटोक विचरण से लोगों की जान खतरे में
- नंदीशाला में नंदी तभी जमा होंगे जब नगर परिषद लेकर आएगी
सिरोही. शहर में घुमंतू पशुओं से आए दिन हादसे हो रहे, लेकिन नगर परिषद मानों हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यहां सैकड़ों बीघा क्षेत्र में फैली एक गोशाला भी है, जिसमें गोवंश और खासकर नंदियों को रखे जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद शहर में घुमंतू गोवंश की भरमार हो रही है। नंदियों के बेरोकटोक विचरण से लोगों की जान खतरे में हैं। लेकिन, न तो नगर परिषद नंदियों को पकड़ रही है और न नंदीशाला में जमा हो रहे हैं। उधर, शहरवासी बताते हैं कि घुमंतू पशुओं की चपेट में आने से इस तरह के हमले कई बार हुए हैं और जान-माल का भी नुकसान हो चुका है।
नंदी आएंगे तभी हम रखेंगे
नंदीशाला के प्रबंधक अशोक पुरोहित बताते हैं कि नंदीशाला में नंदियों को रखे जाने का प्रावधान है। नगर परिषद की ओर से लाए जा रहे गोवंश को यहां आश्रय देते ही है। अब भी हमारे पास डेढ़ हजार के करीब गोवंश है। एनओयू के तहत नगर परिषद को शहर में से गोवंश नंदीशाला तक लाना चाहिए।
खास प्रयास नहीं कर रही परिषद
शहरवासी बताते हैं कि गोवंश की भरमार से शहर में आवाजाही करना मुश्किल हो रहा है। गोवंश को पकडऩे और नंदीशाला तक भेजने को लेकर नगर परिषद कोई खास प्रयास नहीं कर रही। इस सम्बंध में नगर परिषद के आयुक्त शिवपाल सिंह से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
चलते बुजुर्ग पर सांड का हमला
शहर के सदर बाजार में शुक्रवार देर शाम सांड के हमले में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। शहरवासी बताते हैं कि सुनारवाड़ा निवासी मोहनलाल सोनी ऊपरी बाजार में लाठी टेकते हुए कहीं जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आए सांड ने हमला कर दिया। बुजुर्ग को सींगों में लेकर पटक दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग उनको अस्पताल ले गए।



