अपनी सफलता की कहानी कहने में ही कतरा रही जालोर पुलिस

- पुलिस की तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, एक आरोपी को दबोचा
- जानकारी देने में आखिर क्यों झिझक रही सायला थाना पुलिस
जालोर. जिले के सायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोडा-पोस्त तस्कर को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस ने लग्जरी वाहन पकड़ लिया, लेकिन वाहन सवार भाग निकले। इनमें से एक आरोपी भागते हुए किसी ग्रामीण के हत्थे चढ़ गया। जिसे पकड़ लिया गया। अपनी सफलता की कहानी कहने में ही पुलिस को आखिर इतनी झिझक क्यों हो रही है कि जानकारी देने से ही गुरेज कर रहे हैं। भले ही ग्रामीणों के सहयोग से तस्कर को पकड़ा हो पर सफलता का झंडा तो गाड़ ही लिया। यह हो सकता है कि तस्करों के खिलाफ की गई यह कार्रवाई किस तरह से पेश करनी है इसकी भूमिका गढ़ी जा रही होगी। शायद यही कारण है कि इस मामले को लेकर सायला पुलिस फिलवक्त बात करने से भी कतरा रही है। थाना हेल्प डेस्क पर बात किए जाने पर बताया गया कि थाना स्तर से कुछ भी जानकारी नहीं दे सकते। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बात कीजिए।
कंट्रोल रूम से बात कीजिए
इस मामले में थानाधिकारी सुरेंदंसिंह से जानकारी चाहने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया। वहीं, उप निरीक्षक महिपालसिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान वे थाने में नहीं थे। थाने में पूछिए, थाने के नम्बर मांगे तो जवाब मिला कंट्रोल रूम से लीजिए। थाने के हेल्प डेस्क ने फोन रिसीव तो किया, लेकिन कार्रवाई सम्बंधी जानकारी देने से मना कर दिया। बताया कि एसपी ऑफिस से प्रेस नोट जारी किया जाएगा।
कार्रवाई से बाजार में अफरातफरी मच गई
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तस्करों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी की। मुख्य बाजार में डोडा पोस्त ले जा रहे लग्जरी वाहन को रूकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन तस्कर भागने लगे। इस प्रयास में कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों की भागादौड़ी में ग्रामीणों में भी अफरातफरी सी मच गई। इस दौरान तस्कर वाहन से निकल कर भाग गए।
शादी समारोह के गार्ड ने दबोचा तस्कर
उधर, बताया जा रहा है कि भागते समय सुथारवास से होकर जा रहे तस्कर को यहां एक विवाह समारोह में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने संदिग्ध लगने से दबोच लिया। बाद में लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पहचान बाड़मेर निवासी कृष्ण जाट बताई जा रही है। डोडा-पोस्त चित्तौडग़ढ़ से बाड़मेर ले जाना बताया जा रहा है। दूसरा तस्कर अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा। वाहन में डोडा-पोस्त कितना था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई



