- जिम्मेदार कार्मिक को भी नोटिस देने के निर्देश
- जिला कलक्टर ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण
सिरोही. जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर (Rohitashva Singh Tomar) ने जिला अस्पताल की बदहाल सफाई व्यवस्था को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सफाई ठेकेदार पर 25 हजार रुपए जुर्माना लगाने एवं सम्बंधित कर्मचारी को नोटिस देने के निर्देश दिए। वे सोमवार को जिला अस्पताल (sirohi District Hospital) के औचक निरीक्षण पर रहे। इस दौरान सफाई के प्रबंधों को लेकर वे नाराज दिखे। उन्होंने ओपीडी, अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था, लैब, आईसीयू, दवा वितरण केंद्र, भंडार तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।
गंदगी फैलाने पर कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार पर पच्चीस हजार रुपए पेनल्टी लगाई एवं संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साफ- सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मरीजों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात भी कही।
डीडीसी में मांगी दवाइयों की सूची
जिला कलक्टर ने अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने के लिए गार्ड तैनात करने की बात कही। गर्मियों में कूलर व पंखों की सुचारू व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई व रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दवा वितरण केंद्र एवं भंडार में अनुपलब्ध दवाओं की सूची तथा कार्यालय स्तर पर खरीदी गई दवाओं की सूची उपलब्ध करवाने की बात कही। उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तथा इसे नियमित अद्यतन करने के निर्देश दिए।
पेयजल प्रबंधों के दिए निर्देश
उन्होंने पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए इलेक्ट्रिक वाटर कूलर को सात दिन में मरम्मत कर सुचारू करने के निर्देश दिए। ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन व प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए टोकन सिस्टम मशीन उपलब्ध करवाने की बात कही। अस्पताल में पीएसए प्लांट एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश दिए। बीपी व शुगर मरीजों की जांच निर्धारित कक्ष में ही करवाने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ.दिनेश खराड़ी व पीएमओ डॉ.वीरेंद्र महात्मा आदि उपस्थित थे।



