- रेवदर में अनादरा के समीप सिरोड़ी में सडक़ हादसा
- तीन घंटे तक धधकते रहे ट्रोलरों से बाधित रहा आवागमन
सिरोही. रेवदर-मंडार हाईवे पर अनादरा के समीप सिरोड़ी गांव में दो ट्रोलर टकराने से आग लग गई। हादसे में एक ट्रोलर का चालक जिंदा जल गया। वहीं, हाईवे पर तीन घंटे तक ट्रोलर धधकते रहे, जिससे आवागमन भी बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार सिरोड़ी गांव में अस्पताल के सामने दो ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। एक ट्रोलर जयपुर से गुजरात में मोरबी जा रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए। इसमें मोरबी जा रहे ट्रोलर का चालक केबिन में ही फंस गया। आग की लपटें इतनी ज्याद थी कि दमकल आने तक चालक अंदर ही जल गया। आग की चपेट में आने से ट्रेलरों के टायर व डीजल टैंक में धमाके होते रहे। ऐसे में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वही, लोग दहशत में दिखे। मृतक चालक की पहचान राधावलपुरा (TONK) निवासी मुकेशकुमार के रूप में की गई है।
दमकल पहुंचने तक जिंदा जल जाते हैं
हर हादसे के दौरान दमकल देरी से पहुंचने की समस्या होती है, लेकिन इसका तोड़ नहीं निकाला जा रहा। पूर्व में बीओटी (BOT) रोड (ROAD) होने पर भी कंपनी के पास दमकल नहीं थी। तब भी हादसे के दौरान सिरोही () से दमकल मंगवाई जाती रही है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। हादसे के करीब पौन घंटे बाद दमकल पहुंची। तब तक चालक केबिन में ही जिंदा जल चुका था। आग की लपटों को देखते हुए बाद में दूसरी दमकल भी मंगवाई गई।

हादसे के बाद लोगों में दिखा आक्रोश
हादसे के बाद लगभग तीन घंटे तक हाईवे जाम सा रहा। आग बुझाने के बाद एकतरफा यातायात करते हुए वाहनों को एक-एक निकाला गया। बाद में क्रेन से जले हुए ट्रोलर साइड करवाए गए। इसके बाद देर रात को हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया ओवरटेक के कारण वाहनों की आमने-सामने टक्कर होने की बात सामने आ रही है। उधर, हादसे के बाद लोगों में आक्रोश नजर आ रहा है। लोगों का कहना रहा कि आए दिन के सडक़ हादसों के बावजूद न तो हाईवे बन पा रहा है और न मरम्मत हो रही है।



