
- निकाय चुनाव में जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहे प्रत्याशी
सिरोही. निकाय चुनाव को लेकर ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो पता नहीं पर प्रत्याशी अपनी जीत के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
प्रमुख राजनीतिक दलों ने मंगलवार देर शाम शहर में जन सभाएं की तथा समर्थन मांगा। भाजपा ने बस स्टैंड के समीप एवं कांग्रेस ने सरजावाव दरवाजे पर जन सभा करते हुए अपने प्रत्याशी जनता के सामने रखे। यह कॉमन रहा कि दोनों ही मंचों पर अपने-अपने दलों के प्रत्याशी बैठे नजर आए। भाजपा में मुख्य वक्ता प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ रहे। वहीं, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी भी मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस के मंच पर एक ही बड़ा चेहरा दिखा। यहां मुख्य वक्ता पूर्व विधायक संयम लोढ़ा रहे। इनके अलावा कोई बड़ा चेहरा नहीं दिखा।
मंच पर दिखे पट्टे बनाने वाले लोग
पिछले कुछ समय से शहर के आस्था स्थल रामझरोखा मंदिर की भूमि पर पट्टे बनाने का मामला चर्चा का विषय रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा व राज्यमंत्री पर लगातार हमलावर रही है। यहां तक कि राज्यमंत्री व उनके बेटे पर आरोप भी लगाए गए। उधर, इस भूमि पर पट्टे बनाने वाले लोग भाजपा के मंच पर देखे गए।
खड्डों के बीच आवागमन की विवशता
सिरोही नगर परिषद में गत बार कांग्रेस का बोर्ड रहा है। भाजपा इस कार्यकाल में हुए घपलों का आरोप लगा रही है। वहीं, कांग्रेस इस मुददे पर भी हमलावर है कि राज्य में भाजपा की सरकार है और प्रशासक लगाए कई महीने हो गए तो उन घपलों पर कार्रवाई क्यों नहीं की। प्रमुख दलों के इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच जनता अब भी खड्डों के बीच ही आवागमन करने को विवश है।



