राजस्थानcrime newsrajasthansirohiसिरोही

यहां बीस दिन में पटाक्षेप और वहां तीन माह से जांच ही चल रही

  • जावाल देवालय में चोरी मामले का पुलिस ने किया राजफाश
  • जुबलीगंज में प्रवासी के घर हुई चोरी का नहीं हो पाया खुलासा

सिरोही. बरलूट थाना क्षेत्र के जावाल (jawal) गांव स्थित देवालय में चोरी की वारदात का पुलिस ने महज बीस दिन में ही पटाक्षेप कर दिया, लेकिन कैलाशनगर (kailashnagar) क्षेत्र के जुबलीगंज में तीन माह पहले हुई वारदात के मामले में आज भी खाली हाथ ही है। जावाल मामले का खुलासा होते ही पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवरान ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत की। चोरी के राजफाश को लेकर जांच अधिकारियों की जमकर सराहना की, लेकिन जुबलीगंज मामले में इतना ही बता पाए कि जांच चल रही है। अब यह जांच कब तक चलेगी और जांच अधिकारी जावाल की तरह ही अपने अधिकारी से सराहना कब पाएंगे यह कहना मुश्किल है। (sirohipolice)

कब खुलेगा जुबलीगंज चोरी का राज
उल्लेखनीय है कि जुबलीगंज गांव में गत 18 अगस्त की रात को भबूताराम पुत्र कानाराम घांची के घर में चोरी की वारदात हुई थी। पीडि़त ने बताया कि उनके घर से चोर करीब दस लाख रुपए मूल्य के जेवरात व नकदी आदि चुरा ले गए। व्यवसाय के सिलसिले में वे अन्य प्रांत में रहते हैं और इस तरह की वारदातों से प्रवासी भयभीत है। पुलिस थाने के लगातार चक्कर काटने के बाद भी इस मामले का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

एसपी ने की पुलिस टीम की सराहना
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जावाल के अम्बाजी मंदिर चोरी मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज है तथा अन्य कई मामलों में इनकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने डीएसपी मुकेश चौधरी के प्रयासों के सराहना करते हुए बताया कि मामले को लेकर पूरी टीम ने जावाल में डेरा डाल रखा था। टीम में थानाधिकारी जितेंद्रसिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

आरोपियों पर कई जिलों में दर्ज है प्रकरण
पुलिस के अनुसार मामले में उदयपुर (udaipur) के हेरल खुर्द (ढांग-बेकरिया) निवासी मोहन उर्फ मोवनाराम उर्फ दिनेश पुत्र प्रेमाराम उर्फ पेमाराम गरासिया, पाली (pali) के मोरीयाफली (पनेतरा-नाणा) निवासी हंसाराम पुत्र रामाराम गरासिया व मनावतो की फली कालीबोर (उपला भीमाणा-नाणा) निवासी जोशी उर्फ जोशीया पुत्र केसाराम गरासिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर सिरोही, जालोर, पाली व उदयपुर समेत कई जिलों में प्रकरण दर्ज है।

चौकीदार को बंधक बनाकर चुरा ले गए
पुलिस के अनुसार जावाल निवासी सुनीलकुमार जैन ने रिपोर्ट देकर बताया था कि गत 5 नवम्बर को अम्बाजी जैन मंदिर में चौकीदार रूपाराम माली सो रहा था। इस दौरान मध्यरात्रि को कुछ युवक आए तथा उसका मोबाइल व नकदी ले ली। उसे कमरे में बंद कर मंदिर के दरवाजे तोड़े तथा मूर्तियों के आभूषण चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य कई वारदातों का भी खुलासा होने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button