जहां जनता की जेब कट रही, वहीं आंखें मूंद रहे जिम्मेदार

- सत्ता पक्ष तो चुप है ही विपक्षी दल के लोग भी बने मूकदर्शक
- करोटी से गुजरते हैं जिला प्रमुख, कांग्रेस जिलाध्यक्ष व विधायक
सिरोही. करोटी टोल बूथ पर वाहन चालकों की जेब काटते हुए प्रतिदिन लाखों रुपए की अवैध वसूली की जा रही है, लेकिन जिस जगह यह खेल चल रहा है जिम्मेदार वहां से आंखें मूंद कर निकल जाते हैं। सत्ता पक्ष तो दूर विपक्षी दल के लोग भी इस ओर से मूकदर्शक बने हुए हैं। करोटी में जिस जगह अवैध वसूली चल रही है वहां से सत्ता पक्ष से जुड़े जिला प्रमुख का निरंतर आवागमन रहता है। तो क्या चौबीसों घंटे चलने वाली यह अवैध वसूली इनकी नजर में नहीं आ रही। वहीं, विपक्षी दल से जुड़े जिलाध्यक्ष व विधायक भी आए दिन यहीं से गुजरते हैं। इसके बावजूद परिवहन विभाग की इस अवैध वसूली को लेकर न तो कोई कार्रवाई हो रही है और न ही बंद करवाया जा रहा है।
सडक़ पर ही जनता की जेब पर डाका पड़ रहा
जनता के दुख-दर्द को लेकर सडक़ों पर उतरने वाले जनप्रतिनिधियों को यहां नजर ही नहीं आता कि सडक़ पर ही जनता की जेब पर डाका पड़ रहा है। फिर चाहे सत्ता पक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधि हो या विपक्षी दल से। हाईवे पर यह वसूली चौबीसों घंटे चल रही है। इस दौरान कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस मार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन वसूली को लेकर जिम्मेदारों का बेखबर रहना कुछ ओर ही दर्शाता है।
इनके आवागमन का यहीं है प्रमुख मार्ग
सत्ता पक्ष से जुड़े जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित का निवास रेवदर के समीप जीरावल गांव में है। वे गांव से सिरोही के लिए आवागमन करते हैं और करोटी के इसी बूथ से इनका गुजरना होता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद जोशी व रेवदर से विधायक मोतीराम कोली भी रेवदर से आते हैं। भाजपा से जुड़े पूर्व विधायक जगसीराम कोली भी इसी मार्ग से सिरोही के लिए आवागमन करते हैं।
कर रहे करीब दो करोड़ की अवैध वसूली
उल्लेखनीय है कि परिवहन विभाग की ओर से मार्च एंडिंग के बहाने करोटी में वाहनों की जांच की जा रही है। इस बहाने यहां फ्लाइंग खड़ी रखते हुए वाहन चालकों से तीन सौ-तीन सौ रुपए झटके जा रहे हैं। प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में गुजर रहे वाहनों से हो रही यह वसूली लाखों में रहती है। मोटे तौर पर इस जगह से करीब दो करोड़ रुपए महीना वसूला जा रहा है।