मंडार में पुलिस ने गुजरात जा रही एक करोड़ की शराब पकड़ी

- कपड़ा गांठ की आड़ में तस्करी, बाड़मेर के दो युवक गिरफ्तार
सिरोही. मंडार थाना पुलिस ने गुजरात जा रही शराब की बड़ी खेप जब्त की है। ट्रक में कपड़ों की गांठ की आड़ में तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने माल बरामद कर बाड़मेर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद माल की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपए आंकी गई है।
थानाधिकारी प्रवीणकुमार आचार्य ने बताया कि शनिवार रात नाकाबंदी के दौरान ट्रक रूकवाया गया। इसमें कपउ़ों की गांठें भरी हुई थी। सघन जांच करने पर गांठों के नीचे शराब के कर्टन मिले। पुलिस ने ट्रक से पंजाब में बिकने के लिए निर्मित शराब के 729 कर्टन जब्त कर लिए। साथ ही बाड़मेर में चौहटन के खारिया निवासी रईस पुत्र साले मोहम्मद व पराडिय़ा निवासी जुनुस खान पुत्र जुमाखान को गिरफ्तार कर लिया।
टोल प्लाजा पर नाकाबंदी में पकड़ा
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक फगलूराम ने जाब्ते के साथ टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान सिरोही-रेवदर की ओर से आए ट्रक नम्बर जीजे 31 टी 4514 की गहनता से जांच करने पर कपड़ों की गांठों के नीचे शराब के कर्टन मिले। आरोपियों से शराब लाने व सप्लाई के सम्बंध में पूछताछ की जा रही है।
आखिर क्यों नहीं पकड़ पा रही पुलिस
उधर, बताया जा रहा है कि मंडार के रास्ते शराब भरे वाहन अवैध रूप से आए दिन गुजरात तक जा रहे हैं। यही कारण है कि गुजरात में मंडार से सटे पांथावाड़ा थाना पुलिस ने हाल ही में शराब भरे कई वाहन पकड़े है। जो वाहन मंडार से होते हुए गुजरात दस्तक दे रहे हैं उनको मंडार क्षेत्र में ही क्यों नहीं पकड़ पा रहे यह कहना मुश्किल है।
ठेकों से भी गुजरात पहुंच रही शराब
सूत्र बताते हैं कि मंडार क्षेत्र के मैथीपुरा समेत आसपास के गांवों में ठेकों से भी शराब पार हो रही है। मैथीपुरा से ठेके की शराब अवैध रूप से गुजरात भेजे जाने का सिलसिला लम्बे समय से बना हुआ है, लेकिन पुलिस इस ओर से उदासीन ही है। छोटे वाहनों के जरिए इन ठेकों से दिन-रात शराब पार हो रही है, लेकिन पुलिस व आबकारी महकमा मूकदर्शक ही है।



