
- राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का राजस्थान दौरा, पहुंचीं माउंट आबू
सिरोही/माउंट आबू. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मंगलवार शाम माउंट आबू पहुंचीं। आबू की शीतल वादियों में उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिवादन किया गया। आबूरोड से माउंट आबू तक के रास्ते में लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। वे ब्रह्माकुमारी संस्थान के ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर पहुंची। उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मू समेत निजी सचिव, मिलट्री सेक्रेट्री, प्रेस सचिव समेत कई अधिकारी काफिले में साथ रहे।#Sirohi/Abu Road – Rajasthan visit – President Mrs. Draupadi Murmu reached Mount Abu
पुख्ता बंदोबस्त के बीच पहुंचा काफिला
आबूरोड में शांतिवन से राष्ट्रपति का काफिला सुरक्षा व्यवस्था के बीच ज्ञान सरोवर पहुंचा। उनका काफिला जहां से भी गुजरा, सडक़ किनारे खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिनंदन किया। मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त नजर आए।
अधिकारियों व पदाधिकारियों ने किया स्वागत
ज्ञान सरोवर आगमन पर संभागीय आयुक्त कैलाशचंद्र मीणा, पुलिस महानिरीक्षक पी. रामजी, जिला कलक्टर डॉ. भंवरलाल, पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, उपख्ंाड अधिकारी राहुल जैन समेत अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। ब्रह्माकुमारी संस्थान की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी डॉ. निर्मला, अधिशासी सचिव बीके मृत्युंजय आदि पदाधिकारियों ने ज्ञान सरोवर परिसर के पीस कॉटेज पहुंचने राष्ट्रपति की अगवानी की।
राष्ट्रपति ने दीदी निर्मला से की चर्चा
राष्ट्रपति ने संस्था की संयुक्त मुख्य प्रशासिका डॉ. दीदी निर्मला से करीब आधा घंटे तक निजी तौर पर मुलाकात की। इस दौरान ध्यान, योग से लेकर आध्यात्मिक ज्ञान के विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। संस्थापक ब्रह्मा बाबा की 18 जनवरी को आने वाली पुण्य तिथि के संदर्भ में संस्था के जनवरी अव्यक्त मास में होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
सहज ध्यान योग से होगी दिन की शुरुआत
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति बुधवार सवेरे ज्ञान सरोवर स्थित पीस कॉटेज में सुबह सहज राजयोग ध्यान का अभ्यास, ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण, राजयोग प्रशिक्षिका बीके शीलू बहन से आध्यात्मिक चर्चा करेंगीं। जिसके बाद करीब दस बजे संगठन के मुख्यालय पाडंव भवन पहुंचेंगीं। यहां संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा के समाधि स्थल शांतिस्तंभ पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। तपस्यास्थली बाबा के कमरे में मेडिटेशन राजयोग का अभ्यास करेंगीं।