
- हाईवे पर चल रही अवैध वसूली को लेकर सांसद हुए नाराज
- आबूरोड डीटीओ के ट्रीटमेंट की डिटेल मंगवाने के निर्देश
सिरोही. सांसद लुम्बाराम चौधरी ने जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक में परिवहन विभाग को आड़े हाथों लिया। मंडार व मावल में हाईवे पर चल रही अवैध वसूली को लेकर उन्होंने परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी को खरी-खरी सुना दी। राजस्व वसूली की आड़ में हाईवे पर की जा रही एंट्री को लेकर वे नाराज हुए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में इस तरह से नहीं चलेगा। रेवेन्यू वसूली आवश्यक है, लेकिन इसकी आड़ में अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि खबरें बनती है तो कुछ न कुछ सच्चाई भी होती है। इस पर जिला प्रमुख अर्जुनराम ने भी कहा कि वे खुद भी इसे देख चुके हैं। इसका वीडियो भी मंगवाया था।
वहीं, बैठक में आबूरोड परिवहन अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी के नदारद रहने को भी सांसद ने गंभीरता से लिया। सिरोही परिवहन अधिकारी की ओर से बैठक में आए परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी ने उनकी पैरवी करते हुए स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। इस पर सांसद ने जिला कलक्टर को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य कारणों के कारण वे किस अस्पताल में भर्ती है इसकी डिटेल मंगवाई जाएं।
स्पष्टीकरण में आखिर ऐसा क्यों कहा
सांसद की फटकार सुनने के बाद परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी ने बैठक में अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मंडार व मावल में फ्लाइंग खड़ी रहती है उसे वसूली करार देते हैं, वहीं पालड़ी के समीप टोल पर आते ही सही हो जाते हैं ऐसा क्यों सर। अब यह कहना मुश्किल है कि परिवहन निरीक्षक ने पालड़ी टोल की फ्लाइंग को लेकर ऐसा क्यों कहा।
अधिकारियों की सम्पति जांच करवा दीजिए
परिवहन निरीक्षक ने यह भी कहा कि समाचारों में तो यह भी आया है कि करोंटी में प्रतिदिन लाखों रुपए की अवैध वसूली हो रही थी तो अब से पहले यहां रहे अधिकारियों के सम्पति की जांच होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मार्च एंडिंग की आड़ में हाईवे पर की जा रही एंट्री वसूली के मामले समाचारों की सुर्खियां बने थे।
पहले मुकर गए, फिर चुप्पी साध ली
इसी तरह से सांसद ने पूछा कि वसूली के लिए आप लोगों ने प्राइवेट लोगों को लगाया है तो भरी बैठक में ही परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी मुकर गए। सांसद व जिला कलक्टर के सामने ही उनका कहना रहा कि ऐसा नहीं है, उनकी फ्लाइंग में रेक्सो से लगाए गए कर्मचारी है। सांसद ने कहा कि आप कहे तो कितने लोग प्राइवेट लगे हैं उनके नाम-पते बता दूं। इस पर परिवहन निरीक्षक चुप्पी साध गए।
इस तरह चल रही थी एंट्री वसूली
उल्लेखनीय है कि मार्च एंडिंग की आड़ में मंडार के समीप करोंटी व आबूरोड के समीप मावल में एंट्री वसूली चल रही थी। मावल में जिला परिवहन अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में राउंड द क्लॉक कार्य चल रहा था। वहीं, करोंटी में परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी, जवाहरमल व अक्षमिता राठौड़ की निगरानी में काम चल रहा था। यहां चालान काटे जाने के साथ ही अप डाउन के लगभग सभी वाहनों से तीन सौ-तीन सौ रुपए वसूलने का मामला प्रकाश में आया था। इसके लिए प्राइवेट लोगों को भी काम पर लगाया रखा था।