
- हादसे में चालक समेत दस घायल, कई अन्य चोटिल
पाली. फोरलेन पर सुमेरपुर के समीप बुधवार दोपहर गुजरात रोडवेज की एक बस ट्रोलर में घुस गई। हादसे में बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। इनको सुमेरपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बस अहमदाबाद से रणकपुर जा रही थी। इस दौरान नेतरा के समीप आगे चल रहे ट्रोलर चालक ने अचानक ही ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही गुजरात रोडवेज की बस ट्रोलर में घुस गई।
नेतरा के समीप फोरलेन पर हादसा
पुलिस के अनुसार गुजरात डिपो की एक बस अहमदाबाद से आ रही थी। नेतरा के समीप आगे चल रहे ट्रोलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ऐसे में बस चालक संभलता इससे पहले ही बस ट्रोलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक अहमदाबाद निवासी इब्राहिम खान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
अधिकतर यात्री चोटिल हुए
हादसे के बाद फोरलेन पर वाहनों की कतार लग गई। लोगों ने घायलों को तत्काल ही अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों का उपचार करवाया गया। बस में करीब चालीस यात्री थे, जिनमें से अधिकतर चोटिल हुए। इनमें से भी दस-बारह जने ज्यादा घायल है।
घायलों को भर्ती करवाया
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस में सवार चालक के पैरों में गंभीर चोटें आई है। वहीं, जोधपुर निवासी रेवताराम जाट, अहमदाबाद निवासी कल्पेश मेघवाल, सादड़ी निवासी सीतादेवी खटीक, चाणोद निवासी विमलादेवी, सीतादेवी, पेरवा निवासी दीपक, फालना निवासी अभिषेक, दाखूबाई, बाबा गांव निवासी सायरीदेवी घायल हुए हैं। इनको सुमेरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।