
- भाजपा के तेलंगाना प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर का दौरा
- सिरोही-जालोर में भाजपा कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
सिरोही. भाजपा के तेलंगाना प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर बुधवार को सिरोही-जालोर के दौरे पर रहे। उदयपुर से सिरोही होते हुए वे जालोर के लिए रवाना हुए। इस दौरान यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मोरस टोल प्लाजा पर स्वागत के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की। साथ ही संगठन को मजबूती देने की दिशा में और तेजी से कार्य किए जाने का आह्वान किया।
राजस्थान से डेढ़ वर्ष पहले गए हैं तेलंगाना
उल्लेखनीय है कि चंद्रशेखर को गत वर्ष जनवरी माह में ही तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। इससे पहले वे करीब छह साल तक राजस्थान में ही संगठन का दायित्व संभालते रहे। राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से दूसरी जिम्मेदारी मांगी थी। इसके बाद उन्हें 15 जनवरी 2024 को तेलंगाना भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त कर नई जिम्मेदारी दी गई।
सिरोही में पूर्व विधायक से आत्मीय मुलाकात
सिरोही में उन्होंने जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के आवास पर जलपान किया। इस दौरान पूर्व विधायक तारा भंडारी से भी मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली। मालूम हो कि भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक तारा भंडारी की पुत्रवधू हैं। वहीं, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के सिरोही आगमन पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद लुम्बाराम चौधरी, राजेंद्र गहलोत, विधायक समाराम गरासिया, जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी समेत अन्य ने स्वागत किया।
ऊंट आश्रय स्थल का भी अवलोकन किया
उदयपुर से सिरोही आते समय मोरस टोल प्लाजा के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन महामंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पालड़ी एम. के समीप ऊंट आश्रय स्थल का भी अवलोकन किया। पदाधिकारियों ने उन्हें ऊंटों को बचाए जाने की मुहिम को लेकर जानकारी दी। बताया कि सारा कार्य भामाशाहों के सहयोग से किया जा रहा है। जालोर जाते समय उन्होंने बरलूट के समीप भी एक गोशाला का अवलोकन किया। इस दौरान किसान मोर्चा के गणपतसिंह राठौड़, लोकेश खंडेलवाल, नारायण देवासी, ताराराम माली, अरुण ओझा, संतोष घांची, महिपाल चारण, हार्दिक देवासी, महेंद्र माली, जितेंद्र गर्ग, प्रकाश पटेल, हिम्मत छीपा समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।