खाम्बल में बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित करने का खुलासा

- सीसी टीवी फुटेज से मिला संदिग्ध, एक आरोपी गिरफ्तार
सिरोही. खाम्बल में बाबा साहेब अम्बेडक़र की प्रतिमा खंडित करने के मामले का पुलिस ने राजफाश करते हुए एक जने को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया था। पूछताछ में खुलासा होने पर इसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गत 12 अप्रेल को खाम्बल निवासी मेघवाल समाज विकास संस्थान अध्यक्ष छगनलाल पुत्र अचलाराम मेघवाल ने रिपोर्ट देकर बताया था कि रात को समाजकंटकों ने गांव में बाबा साहेब भीमराव अम्बेडक़र की प्रतिमा खंडित कर दी है। इससे लोगों में भारी रोष है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित की तथा तकनीकी रूप से जांच शुरू की। आसपास के गांवों में भी पूछताछ एवं सीसी टीवी फुटेज आदि जांच करने पर प्रकरण में कुछ लोगों पर संदेह हुआ। संदिग्ध व्यक्ति से लगातार पूछताछ की गई तो मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने इस मामले में खाम्बल के ही बालुराम उर्फ डाकू पुत्र मनाराम मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने निकाली पदयात्रा
बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित किए जाने से लोगों में आक्रोश बना हुआ था। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए गांव से जिला मुख्यालय तक कई किमी पदयात्रा भी निकाली गई। इसमें शामिल ग्रामीणों ने जल्द खुलासा करने एवं निष्पक्ष जांच की मांग रखी थी।
पुलिस ने तत्परता से जांच की
ज्ञातव्य है कि 11 अप्रेल की रात को खाम्बल गांव में किसी ने बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित कर दी थी। सुबह ग्रामीणों को पता चला तो रोष फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा कार्रवाई की। घटना के दो दिन बाद ही बाबा साहेब के जयंती समारोह को लेकर कार्यक्रम था, लेकिन इस घटना के बाद लोग मायूस हो गए। ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की।



