
- सत्तासीन भाजपा की बैठक में कार्यकर्ताओं को दी भोळामण
- जिलाध्यक्ष ने कहा चुनाव देखते हुए कमर कस कर तैयार रहें
सिरोही. पंचायतराज व नगर निकायों में चुनाव कब होंगे यह तो पता नहीं पर सत्तासीन भाजपा की जिलास्तरीय बैठक को देखा जाए तो चुनाव जल्द ही होने वाले हैं। इस सम्बंध में जिलाध्यक्ष ने भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक ली तथा आगे आने वाले चुनाव को लेकर भोळामण दी। कहा कि चुनाव को देखते हुए वे कमर कस कर तैयार रहें।
बैठक में जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने कांग्रेस के आरोपों का मुंहतोड़ जवाब देने एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि भाजपा पदाधिकारियों ने आने वाले पंचायत व नगर निकाय चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संचालन जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौर व नरपतसिंह राणावत ने किया।
कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी शक्ति है
सारणेश्वर महादेव मंदिर स्थित धर्मशाला में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यकर्ता की मेहनत के कारण भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने का समर्पण भाव से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायतराज व नगर निकाय चुनावों के लिए पदाधिकारी व कार्यकर्ता कमर कस लें।
झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस
इस दौरान बजट घेषणाओं को लेकर भी चर्चा की गई। वीबी जी राम जी कानून पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि इससे अब गांवों में स्थायी कार्य हो सकेंगे। ग्रामीणों का आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्तीकरण होगा। आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से कानून के प्रावधानों को लेकर झूठ की राजनीति करते हुए केवल भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि इस वर्ष के राज्य बजट में चार हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कांग्रेस के आरोपों पर कार्यकर्ताओं को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।



