राजस्थानpoliticsrajasthansirohiराजनीतिसिरोही

मतदान में महिलाएं आगे हैं तो भागीदारी में पीछे क्यूं रहे

  • महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम

सिरोही. भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने रविवार को यहां नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर पत्रकारों से बातचीत की। बताया कि यह अधिनियम देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को उड़ान देने का माध्यम है। एक सर्वे के अनुसार मतदान में भी पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की भागीदारी रही है। ऐसे में महिलाओं को अब देश विकास का साध्य नहीं वरन् साधन बनना है।

उन्होंने बताया कि यह अधिनियम देश में महिला सशक्तीकरण और राजनीतिक भागीदारी सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे लोकसभा, दिल्ली विधानसभा व राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक समावेशी व सशक्त बनाएगा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को समर्थन देने के लिए अपने मोबाइल से 9667173333 पर मिस कॉल करने की बात भी कही।

दुपट्टा पहनने से मना कर दिया
आमतौर पर संगठन के कार्यक्रमों में पार्टी का सिम्बल जरूर नजर आता है, लेकिन इस कार्यक्रम में ऐसा नजर नहीं आया। हां, मंच पर बैठीं पदाधिकारियों के पीछे लगे बैनर में भाजपा जरूर लिखा हुआ था। प्रारंभ में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दक्षा देवड़ा ने भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी को गुलदस्ता प्रदान कर स्वागत किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित ने पार्टी का दुपट्टा पहनाना चाहा पर दोनों ने इशारे से मना कर दिया। जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, कार्यालय मंत्री बाबूसिंह मांकरोड़ा, मंजुला चारण आदि मौजूद रहे।

नदारद रहीं राजनीति की भागीदार महिलाएं
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में महिलाओं को राजनीति में मिलने वाली 33 फीसदी भागीदारी का बखान किया गया। लेकिन, जिले में पहले से ही राजनीति में भागीदारी निभा रही महिलाएं नदारद दिखीं। रेवदर व शिवगंज पंचायत समिति में प्रधान एवं जिला परिषद में उप प्रमुख पद पर महिलाएं काबिज हैं। खास तो यह कि ये तीनों ही भाजपा से जुड़ी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button