
- निर्धारित समय से दो घंटे देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री
- प्रदेश में विकास की गंगा बहाने का वादा दोहराया
सिरोही. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सिरोही दौरे पर रहे। उन्होंने यहां किसान सम्मान निधि का हस्तांतरण किया। साथ ही प्रदेश में विकास की गंगा बहाने का वादा दोहराया। अपने निर्धारित समय से दो घंटा देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच पर तीन बार जयश्री राम का जयकारा लगाया। साथ ही सिरोही की पुण्य धरा को नमन करते हुए सारणेश्वर महादेव का भी जयकारा लगाया। यहां आचार्य प्रदीप दवे ने रामलला विराजमान की पूजा-अर्चना करवाई। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
विकास कार्यों का उल्लेख किया
हवाई पट्टी से टाउन हॉल होते हुए बनाए गए विशेष मार्ग से वे सभा स्थल पहुंचे। यहां पशुपालन, सहकारिता, डेयरी, कृषि आदि विभिन्न विभागों की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंच से सिरोही जिले के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए के कार्यों का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
लाभार्थियों को वितरित की राशि
उन्होंने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त के रूप में 65 लाख से अधिक किसानों को 653 करोड़ रुपए जारी किए। वहीं, समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए दस हजार किसानों को 40 करोड़ रुपए की भावांतर राशि, 4 लाख दुग्ध उत्पादकों को सौ करोड़ रुपए का संबल बोनस व फसल खराबे से प्रभावित 5 लाख किसानों को 327 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
रक्षक साबित होगा रक्षा बिल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पलायन रोकने के लिए रक्षा बिल लाने की घोषणा की। कहा कि पिछली सरकार के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में डर और असुरक्षा के कारण लोगों को पलायन के पोस्टर लगाने पड़ते थे। तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति ने आम नागरिकों की संपत्ति को असुरक्षित कर दिया था। नई सरकार इस रक्षा बिल के माध्यम से नागरिकों के घरों और संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, ताकि किसी भी परिवार को दबाव या डर के कारण अपना घर न छोडऩा पड़े। कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और प्रदेश केवल कानून के शासन से चलेगा।



