शादी के पीले चावल बांटने जा रहे तीन युवकों की मौत

- बेकाबू ट्रोलर की चपेट में आए बाइक सवार युवक
सिरोही. रेवदर क्षेत्र के डबाणी में हाईवे पर ट्रोलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। युवक शादी के पीले चावल बांटने जा रहे थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार खरूआड़ा निवासी गोविंद गरासिया, नरमाराम व रमेशकुमार गरासिया बाइक पर करोंटी की ओर जा रहे थे। इस दौरान बेकाबू ट्रोलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में शादी को देखते हुए नरमाराम अपने मामा व भाई के साथ पीले चावल बांटने एवं खरीदारी के लिए निकला था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गए।
उछलकर दूर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे। इससे बचाव का मौका ही नहीं मिला। आसपास के लोगों ने ट्रोलर का पीछा किया, लेकिन ट्रोलर चालक आगे जाकर वाहन छोड़ भाग गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।



