- लाखों का टेंडर और बगिया में रोप दी सूखी टहनियां
- पैसे पेड़ पर तो नहीं लगते पर इन पौधों के जरूर मिलते हैं
सिरोही. पैसे पेड़ पर लगते है क्या, यह कहावत सिरोही में सच साबित होने वाली है। नगर परिषद की ओर से शहर में करीब पांच हजार पौधे लगाने का ठेका दिया गया है और ठेकेदार ने बगिया से पैसे उगाने का खेल शुरू किया है। बड़ी सख्या में लगाए गए पौधों के बीच कई जगह सूखी टहनियां भी रोप दी गई। पौधों के नाम पर उठे टेंडर में टहनियां रोप कर पैसे उठाना ही तो पेड़ से पैसे पनपाने का खेल नजर आता है। शहर में शिवगंज रोड पर हवाई पट्टी के पास लगाई बगिया में बड़ी संख्या में सूखी टहनियों को पौधों की जगह रोपा गया है।
मृत पौधे के नाम पर उखड़ेगी टहनियां
शहर में शिवगंज रोड पर बगिया लगाने का कार्य गत 9 जुलाई से शुरू किया गया था। समारोह में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी व सांसद लुम्बाराम चौधरी का सान्निध्य रहा। इसके बाद से लगातार पौधे लगाए जा रहे हैं, लेकिन गड्ढों में सूखी टहनियां भी रोप दी गई, जो आगामी दिनों में मृत पौधों के नाम पर वापस उखाड़ ली जाएगी। वैसे प्रति गड्ढा, प्रति पौधे का हिसाब तो बन ही जाएगा।

पांच लाख रुपए से लगेंगे 5000 पौधे
नगर परिषद ने शहर में करीब पांच हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। कार्य के लिए पांच लाख रुपए का बजट निर्धारित किया है। इसके तहत हवाई पटटी के समीप शिवगंज रोड, गोयली रोड, गोयली चौराहा से तीन बत्ती रोड, अरविंद पैवेलियन आदि जगहों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। अलग-अलग फेज में लग रहे पौधों को पनपाने के लिए तारबंदी की गई है, ताकि सुरक्षित रह सके।
नए पौधे लगवाएंगे…
पौधे सूख गए होंगे तो पता करते हैं। इन जगह वापस नए पौधे लगवाएंगे।
- जोधाराम बिश्नोई, आयुक्त, नगर परिषद, सिरोही



