
- राज्यमंत्री व सांसद ने गिनाई वीबी-जी-राम-जी योजना की खूबियां
सिरोही. वीबी-जी-राम-जी योजना (VB_G RAM_G) को लेकर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी व सांसद लुम्बाराम चौधरी ने रविवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की। इसमें योजना की खूबियां बताई तथा कहा कि इस योजना से गांवों में रोजगार व आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी। वहीं, आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लोगों को भ्रमित कर जी-राम-जी योजना का दुष्प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में संचालित मनरेगा योजना को संशोधित करते हुए और बेहतर बनाया गया है। इसके तहत रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया है, ताकि श्रमिकों की वार्षिक आय में वृद्धि हो सके। बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण व उपस्थित प्रणाली से फर्जी श्रमिकों, नकली जॉब कार्ड व फर्जी भुगतान पर रोक लगेगी। बताया कि यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित भारत की नींव को मजबूत करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, लोकेश खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।
आरोपों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की
राज्यमंत्री ने रामझरोखा मंदिर की भूमि पर बने पट्टों को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि इस मामले में उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। पट्टों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया। जिला संगठन को भी इस मामले में पूरी तरह अपने साथ बताया।
जनता की मर्जी के बगैर जमीन नहीं जाएगी
उधर, पिण्डवाड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित कमलेश मेटाकास्ट खनन परियोजना के मामले में बताया कि जनता की मर्जी के बगैर उनकी जमीन कैसे जा सकती है। स्थानीय प्रतिनिधियों को साथ लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलकर आए हैं। चार पंचायतों के ग्रामीणों के साथ मिलकर समाधान करने को प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने उनके सामने ग्रामीणों से कहा है कि ग्रामीणों को इस मामले में न्यायालय में जाना चाहिए एवं सरकार उनके साथ खड़ी है।



